अमेरिकी संसद ने कुत्ते और बिल्ली का मांस खाने पर लगाया प्रतिबंध
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने बुधवार को एक विधेयक पारित किया जिसके तहत कुत्ते और बिल्ली का मांस खाने पर रोक लगा दी जाएगी. कुत्ता और बिल्ली मांस व्यापार निषेध कानून 2018 का उल्लंघन करने पर 5,000 अमेरिकी डॉलर (3,50,000 से अधिक रुपए) का जुर्माना लगाया जाएगा.
एक अन्य प्रस्ताव में सदन ने चीन, दक्षिण कोरिया और भारत सहित सभी देशों से कुत्तों और बिल्लियों के मांस का व्यापार बंद करने का अनुरोध किया.
कांग्रेस सदस्य क्लाउडिया टेनी ने कहा, ‘कुत्ते और बिल्ली साथी और मनोरंजन के लिए होते हैं. दुर्भाग्य से, चीन में हर साल खाने के लिए एक करोड़ से अधिक कुत्तों को मार दिया जाता है.’
उन्होंने कहा, ‘इन चीजों के लिए हमारे करुणामय समाज में कोई स्थान नहीं है. यह विधेयक अमेरिका के मूल्यों को दिखाता है और सभी देशों को एक सख्त संदेश देता है कि हम इस अमानवीय और क्रूर बर्ताव का साथ नहीं देंगे.’





