जियो ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, पहले ही माह…

दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने अपने कामकाज के पहले ही महीने (सितंबर) में 1.6 करोड़ ग्राहक बना लिए हैं। उसका दावा है कि यह अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है। दुनिया की किसी भी अन्य दूरसंचार कंपनी या स्टार्ट-अप ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की है। चाहे वह फेसबुक हो, वॉट्सएप या स्काइपहो।
रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआइएल) की सब्सिडियरी रिलायंस जियो इंफोकॉम ने पांच सितंबर को औपचारिक रूप से 4जी सेवाओं का परिचालन शुरू किया था। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े टेलीफोनी बाजार में इसने आते ही पहले से मौजूद खिलाड़ियों में खलबली मचा दी। नतीजतन कम टैरिफ की जंग शुरू हो गई। परीक्षण के चरण में ही जियो ने अपने 4जी नेटवर्क से 15 लाख ग्राहक जोड़े थे।
आरआइएल की सालाना आम बैठक में इसके मुखिया मुकेश अंबानी ने कहा था कि नए टेलीकॉम वेंचर का मकसद कम से कम समय में दस करोड़ ग्राहकों को जोड़कर नया कीर्तिमान बनाने का है। जियो ने देश के 3100 शहरों और कस्बों में आधार आधारित कागज रहित सिम एक्टिवेशन की शुरुआत की है। इसमें कुछ ही मिनटों में आधार कार्ड धारक का नया सिम एक्टिवेट हो जाता है।
बता दें कि फिलहाल जियो का ‘वेलकम ऑफर’ चल रहा है। इसके तहत उसकी सभी सेवाएं इस साल दिसंबर तक बिलकुल मुफ्त हैं। हाल ही में कंपनी ने आइफोन के नए ग्राहकों के लिए अपनी सभी सर्विसेज 31 दिसंबर, 2017 तक निशुल्क देने की विशेष योजना का एलान किया था।
टेलीकॉम कंपनियों के संगठन सीओएआइ के मुताबिक, देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी एयरटेल के अगस्त तक 25.75 करोड़ ग्राहक थे।
जबकि वोडाफोन के 20 करोड़, आइडिया के 17.7 करोड़ और एयरसेल के लिए यह आंकड़ा 8.97 करोड़ था। उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि इन कंपनियों को इतने ग्राहक जोड़ने में करीब 15 साल लगे हैं। जबकि जियो ने एक महीने से कम समय में 1.6 करोड़ ग्राहक बनाए हैं।





