खून की दलाली वाला बयान, देश ओर सेना का अपमान : अमित शाह

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के ‘खून की दलाली’ वाले बयान के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल के इस बयान से कांग्रेस की मानसिकता का पता चल गया. उन्होंने कहा कि राहुल ने इस तरह का बयान देकर सभी सीमाएं लांघ दी हैं.

खून की दलाली वाला बयान, देश ओर सेना का अपमान : अमित शाह अमित शाह ने कहा, ‘’बीजेपी ने प्रयास किया कि सेना के इस कदम को राजनीति का रंग छू ना पाए, लेकिन कुछ लोगों ने ऐसा करने की कोशिश की.’’ उन्होंने कहा, ‘’वह बताएं कि क्या सेना के बलिदान की दलाली हो सकती है ? राहुल गांधी का बयान सेना का मनोबल तोड़ने वाला है.’’

शाह ने आगे कहा, ‘’ राहुल किस दलाली की बात कर रहे हैं ? दलाली चीजों की होती है. सेना के खून की नहीं.’’ उन्होंने कांग्रेस पर टूजी और कोयला आवंटन में दलाली का आऱोप भी लगाया. शाह ने कहा कि दलाली शब्द कांग्रेस तक सीमित रह गया है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अऱविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि सवाल उठाने की प्रक्रिया सबसे केजरीवाल ने शुरु की, इसके बाद वह पाक की सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर गए. शाह ने कहा कि केजरीवाल को पहले पाकिस्तान की बौखलाहट देखनी चाहिए उसके बाद सेना से सबूत मांगने चाहिए.

अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना के सर्जिकल स्ट्राइक कदम की प्रशंसा भी की. इस दौरान शाह ने मीडिया का भी शुक्रिया अदा किया. शाह ने कहा कि मीडिया ने सेना का जिस तरह मनोबल बढ़ाया हम उसकी भी प्रशंसा करते हैं.

वहीं इस मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राहुल अपनी बात ठीक ढंग से नहीं ऱख पाए. साथ ही उन्होंने कहा कि सेना के सर्जिकल स्ट्राईक से देश का मनोबल बढ़ा है.

क्या कहा था राहुल ने ?

राहुल ने कांग्रेस किसान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था, “हमारे जिन जवानों ने जम्मू कश्मीर में अपनी जान दी, सर्जिकल स्ट्राइक किया है आप उनके खून की दलाली कर रहे हो. ये बिल्कुल गलत है.” राहुल यहीं नहीं रुके पीएम मोदी को नसीहत देते हुए कहा, ”सेना ने अपना काम किया है, आप अपना काम कीजिए.”

सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर की थी नरेंद्र मोदी की तारीफ

सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर राहुल पीएम मोदी की तारीफ भी कर चुके हैं. छह दिन पहले राहुल ने कहा था, ”जब प्रधानमंत्री जी, एक प्रधानमंत्री के लायक काम करते हैं तो मैं भी उनका समर्थन करता हूं. मैं उनको धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने ढाई साल में पहला एक्शन लिया है जो प्रधानमंत्री के लायक एक्शन है, और मेरा उनको पूरा समर्थन है.”

Back to top button