आगरा में BJP कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से दी अटल जी को श्रद्धांजलि…
आगराः देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की खबर आते ही आगरा में शौक की लहर दौड़ गई। आगरा में भारतीय जनता पार्टी के बृज क्षेत्र कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ सभी कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। 
इसके साथ ही पार्टी कार्यालय पर लगे पार्टी के झंडे को भी उतार दिया गया है। वहीं पार्टी के अगले तीन दिन में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए है। इस दौरान पार्टी नेताओं ने अटल जी के साथ बिताए संस्मरणों को भी सांझा किया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर 7 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इसके तहत शुक्रवार को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय तथा स्कूल, कालेज बंद रहेंगे। सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके (हाफ मास्ट) रहेंगे। वाजपेयी के सम्मान में शुक्रवार को प्रदेश में राजकीय अवकाश घोषित किया गया है।
सीएम योगी ने यह भी घोषणा की है कि वाजपेयी के पैतृक स्थान बटेश्वर, शिक्षा क्षेत्र कानपुर, प्रथम संसदीय क्षेत्र बलरामपुर और कर्मभूमि लखनऊ में उनकी स्मृतियों को जिंदा रखने के लिए विशिष्ट कार्य किए जाएंगे। उनकी अस्थियां हर जिले की पवित्र नदियों में प्रवाहित की जाएंगी।
गौरतलब है कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने गुरुवार शाम 5.05 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन पर सत्ता पक्ष के साथ ही विपक्ष और देश की जनता में शोक की लहर है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक प्रकट किया।





