नाइट्रावेट गैंग का 3 कॉलोनियों में आतंक, 4 को चाकू मारे, 2 को लूटा

इंदौर। चंदन नगर क्षेत्र में रविवार शाम नाइट्रावेट गैंग ने तीन कॉलोनियों में आतंक मचाया। तीन बदमाशों ने चार लोगों को चाकू घोपे और दो को लूटा। एक की हालत गंभीर है।
चंदन नगर ई सेक्टर, केशव नगर और सहयोग नगर में रविवार शाम 4.30 से 5 बजे के बीच नाइट्रावेट गैंग ने आतंक मचाया। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने जावेद अली (27) सहयोग नगर, मुबारिक मंसूरी (22) चंदन नगर ई सेक्टर, शाहरुख खान (22) सम्राट नगर और सलीम शाह (22) अकोला (महाराष्ट्र) को लोगों ने घायल हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। शाहरुख, सलीम और जावेद को एमवायएच भेजा गया है।
शाहरुख की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि नाइट्रावेट गैंग के सरगना सलमान भंगारवाला निवासी सहयोग नगर और अकोला में रहने वाले उसके साथी तालिब और आदिल ने वारदात की। बदमाशों ने सलीम और जावेद से 3200 रुपए भी लूटे हैं। ये बदमाश नशे के लिए पैसे मांग रहे थे। बदमाशों की पिस्टल खाली थी। वे उसे हवा में लहराकर लोगों को डरा रहे थे।
पुलिस के सामने नाला पार कर गए बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो आदिल और सलमान नाले पर बैठे हुए थे। पुलिस को देखते हुए उन्होंने दौड़ लगा दी। वे चंदन नगर की गलियों में भागे और फिर नाले में कूदे। उन्हें पता था कि कहां पानी कम है और कहां से निकल सकते हैं। पुलिस नाले में कूदी नहीं और बदमाश केशव नगर होते हुए भाग निकले। नाकाम पुलिस बाद में उनकी मोबाइल लोकेशन ढूंढती रही।
हालांकि रात में पुलिस ने एक बदमाश तालिब को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद डीआईजी संतोषकुमारसिंह भी चंदन नगर थाने पहुंचे और स्टाफ को फटकार लगाई। लोगों में आक्रोश था और वे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कोस रहे थे।