ENGvIND: टीम इंडिया की हार पर धोनी ने दो बड़े रिकॉर्ड्स बनाकर फैंस को कर दिया खुश
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वन-डे में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की। धोनी वन-डे क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले भारत के पहले जबकि विश्व के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। 37 वर्षीय धोनी से पहले कुमार संगकारा ही यह उपलब्धि हासिल कर सके हैं। धोनी ने लॉर्ड्स के मैदान पर जैसे ही 33वां रन पूरा किया तो वह इस विशेष क्लब में शामिल हो गए।
2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा के नाम वन-डे क्रिकेट में 13,341 रन दर्ज है। पिछले साल जुलाई में माही ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटीगुआ में मैन ऑफ द मैच हासिल करते हुए एडम गिलक्रिस्ट के 9,410 रन के आंकड़ें को पीछे छोड़ा था।
बता दें कि एमएस धोनी वन-डे क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले टीम इंडिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (18426 रन), सौरव गांगुली (11,363 रन) और राहुल द्रविड़ (10,889 रन) यह कारनामा कर चुके हैं। धोनी के कुल 10,004 रन हैं। वह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वन-डे में 59 गेंदों में दो चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हो गए।
वैसे, एमएस धोनी दस हजारी क्लब में शामिल होने वाले विश्व के 12वें बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर काबिज हैं। दूसरे नंबर पर पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा (14,234 रन), तीसरे पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग (13,704 रन), चौथे और पांचवें पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान क्रमशः सनथ जयसूर्या (13,430 रन) व महेला जयवर्धने (12,650 रन) काबिज हैं।
इसके अलावा पाकिस्तान के इंजमाम उल हक (11,739 रन), दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस (11,579 रन), टीम इंडिया के सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (10,405 रन) और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान (10,290 रन) इस क्लब का हिस्सा हैं।
धोनी दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं जिसने 50 से ज्यादा की औसत से 10 हजार वन-डे रन पूरे किए हैं। एम एस धोनी ने अपने 10 हजार में से 75 फीसदी रन नंबर 5 पर या उससे नीचे खेलते हुए बनाए हैं। धोनी के अलावा किसी और खिलाड़ी ने इतने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए 10 हजार रन पूरे नहीं किए।
इसी मैच में धोनी ने अपने वन-डे करियर के 300 कैच भी पूरे किए। उन्होंने उमेश यादव की गेंद पर जोस बटलर का कैच लेकर यह उपलब्धि हासिल की। धोनी विश्व के चौथे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 300 या इससे अधिक कैच लिए हैं। इस मामले में शीर्ष पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट (417), फिर पूर्व दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर मार्क बाउचर (402) और तीसरे नंबर पर पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर कुमार संगकारा (383) काबिज हैं।





