ENGvIND: विराट कोहली ने दिया अनोखा बयान, बोले- पता होता तो टॉस के लिए नहीं आता
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वन-डे में टॉस के बाद एक बेहद अनोखा बयान दिया। दरअसल, इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इंग्लिश कप्तान के फैसले से टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली काफी खुश हुए और उन्होंने कहा कि अगर पता होता कि टॉस जीतकर मॉर्गन बल्लेबाजी का फैसला करेंगे तो मैं टॉस के लिए आता ही नहीं।
टॉस के बाद विराट ने मजाकिया लहजे में कहा, ‘अगर मॉर्गन से पहले इस बारे में बात हो जाती तो हमें टॉस की जरूरत नहीं पड़ती। वैसे, हम टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला ही करते। यह पिच अच्छी नजर आ रही है और मुझे लगता नहीं है कि मैच के दौरान इसमें कोई बदलाव आएगा।’
दरअसल, मॉर्गन ने बल्लेबाजी का फैसला लेकर टीम इंडिया के साथ-साथ क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस को चौंका दिया। इंग्लैंड में पिछले दो-तीन सालों से देखने को मिला है कि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम का दबदबा रहा है। ध्यान हो कि टीम इंडिया के मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 5 मुकाबले खेले गए, जिसमें से चार मर्तबा लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती। दूसरे वन-डे में टीम इंडिया 86 रन से हारी, जो 5 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम की पहली शिकस्त रही।
उल्लेखनीय है कि 2015 विश्व कप के बाद और शनिवार को दूसरे वन-डे से पहले इंग्लैंड में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम सिर्फ 4 बार जीतने में सफल हुई है, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 मुकाबले जीते गए हैं। बहरहाल, टीम इंडिया के लिए दूसरा वन-डे अच्छा नहीं बीता और उसे 86 रन की करारी शिकस्त झेलना पड़ी। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी भी की।
बता दें कि क्रिकेट के ‘मक्का’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स स्टेडियम पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 322 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया 236 रन पर ढेर हो गई। इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट को 116 गेंदों में 8 चौकों और एक छक्के की मदद से 113 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।





