CM योगी ने लगाया जनता दरबार, फरियादियों की सुनी समस्या
गोरखपुर : दो दिवसीय गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दरबार लगाया और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। गोरखनाथ मंदिर परिसर के हिंदू सेवाश्रम में लगे इस जनता दरबार में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की फरियाद सुनी और समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया। फरियाद सुनने के दौरान मुख्यमंत्री समस्या निस्तारण में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी देते रहे।
मुख्यमंत्री का जनता दरबार शुक्रवार की सुबह 10 बजे लगा लेकिन शिकायती पत्रों के साथ फरियादियों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला तड़के से ही शुरू हो गया था। निर्धारित समय तक करीब 500 फरियादी हिंदू सेवाश्रम पहुंच गए। करीब दो सौ फरियादियों को आश्रम के हाल में बैठाया गया जबकि बाकी को बाहर कतारबद्ध होकर इंतजार करने के लिए कहा गया। भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाडियन और एसएसपी शलभ माथुर ने मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही करीब 100 फरियादियों की समस्याएं सुन लीं और निस्तारण का प्रयास किया। मुख्यमंत्री से फरियाद करने का सिलसिला तब तक चला जब तक कि सभी फरियादियों की कतार समाप्त नहीं हो गई।
इससे पहले मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। सुबह 5.45 बजे वह अपने आवास से निकले और गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन पूजन के लिए उनके मंदिर में पहुंच गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु की पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद भी लिया। परंपरागत रूप से उन्होंने करीब आधा घटा गोशाला में गुजारा और गायों को अपने हाथ से चारा खिलाया। इस दौरान उनके साथ मंदिर सचिव द्वारिका तिवारी, दुर्गेश बजाज, अमित सिंह मोनू, विनय गौतम आदि मौजूद रहे।





