35 हजार करोड़ के वाइट गुड्स मार्केट में री-एंट्री करेगा टाटा
कोलकाता : टाटा ग्रुप की कंपनी वोल्टास के चेयरमैन नोएल टाटा की देखरेख में अगस्त में ग्रुप 35,000 करोड़ रुपये के वाइट गुड्स मार्केट में एंट्री करेगा। ग्रुप के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि इसमें वोल्टास बेको ब्रांड के तहत रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव अवन और डिश वॉशर की बिक्री की जाएगी। टाटा इस बिजनस में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि 2025 तक वह इस सेगमेंट में 10 पर्सेंट मार्केट शेयर हासिल कर लेगी। 
अब नोएल टाटा की देखरेख में कंपनी वाइट गुड्स मार्केट में फिर से एंट्री करने जा रही है। टाटा ने सात साल में इस सेगमेंट की टॉप तीन कंपनियों में शामिल होने का लक्ष्य रखा है। वोल्टास के जरिये टाटा ग्रुप का अभी एसी मार्केट में दबदबा है। टाटा क्रोमा स्टोर्स चेन से टेलीविजन, स्मार्टफोन और वाइट गुड्स की बिक्री करता है। वाइट गुड्स सेगमेंट में री-एंट्री वोल्टास और तुर्की के आर्सेलिक एएस के एक साल पहले बने जॉइंट वेंचर वोल्टबेक होम अप्लायंस के जरिए होगी। वोल्टास के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप बख्शी और वोल्टबेक डमेस्टिक अप्लायंस के बोर्ड मेंबर ने कहा कि यह लॉन्च अगस्त से कई फेज में होगा। बख्शी का कहना है कि अक्टूबर के आखिर में फेस्टिव सीजन के दौरान टाटा ग्रुप इस बिजनस को देश भर में फैला लेगा।





