‘संजू’ में रणबीर कपूर की को-स्टार करिश्मा तन्ना ने कहा कुछ ऐसा…
नई दिल्ली: रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘संजू’ के प्रमोशन में लगे हुए हैं. इस फिल्म में रणबीर, संजय दत्त की असल जिंदगी को पर्दे पर उतारते नजर आएंगे. ‘संजू’ को लेकर फैन्स में जबरदस्त क्रेज है और हर कोई रणबीर के लुक और एक्टिंग को लेकर दंग है. लेकिन ऐसे में फिल्म ‘संजू’ में रणबीर कपूर के साथ एक्टिंग करती नजर आने वाली उनकी हीरोइन एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना ने उन्हें ‘बिगड़ैल बच्चा’ कह दिया है. टीवी एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना पहले रिएलिटी शो बिग बॉस में सुर्खियां बटौर चुकी हैं तो वहीं इन दिनों टीवी सीरियल ‘नागिन 3’ में भी नजर आ ही हैं.
ऐसे में अपनी दूसरी हिंदी फिल्म ‘संजू’ की रिलीज की तैयारी में जुटीं करिश्मा तन्ना ने कहा कि फिल्म में उनके को-एक्टर रणबीर कपूर के साथ काम करना शानदार था और वह पूरी तरह से बिगड़ैल बच्चे की तरह हैं. रणबीर के बारे में पूछे गए एक सवाल पर करिश्मा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को यहां बताया, ‘वह अद्भुत, पूरी तरह से पेशेवर और बिगड़ैल बच्चे हैं. वह सेट पर बहुत मजे करते हैं. उनके पास बहुत अच्छा सेंस ऑफ ह्यूमर है, वह अच्छे तरीके से बात करते हैं और उनके साथ काम करना अच्छा रहा.’
करिश्मा की मानें तो उन्हें फिल्में हासिल करने की कोई जल्दबाजी नहीं है. उन्होंने कहा, “मेरे पास कई फिल्मों के ऑफर आए थे, लेकिन उनकी कहानी दमदार नहीं थी, इसलिए मैं वैसी फिल्में नहीं करना चाहूंगी.’ ‘संजू’ का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है और फिल्म में सोनम कपूर, विक्की कौशल और अनुष्का शर्मा भी प्रमुख भूमिकाओं हैं. फिल्म 29 जून को रिलीज होगी.





