CM योगी ने लखनऊ के प्रमुख शख्सियतों से मुलाकात कर गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां
भाजपा के ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ के कुछ प्रमुख शख्सियतों से मुलाकात कर रहे हैं। सुबह 9:30 के करीब वह पद्मश्री डॉ. मंसूर हसन (हृदय रोग विशेषज्ञ) के प्राग नारायण रोड स्थित आवास पर पहुंचे। यहां मुलाकात के दौरान सीएम योगी ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चार साल की उपलब्धियां बताईं। इस संबंध में जारी बुकलेट सौंपकर डॉ. हसन से भाजपा का साथ देने की अपील भी की।
इसके बाद सीएम योगी गोमतीनगर स्थित शहीद कैप्टन मनोज पाण्डेय के घर पहुंचे। यहां उनके पिता गोपीचंद पाण्डेय और परिवार के लोगों से मुलाकात कर भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, फिर 2019 में कमल का साथ देने की अपील की।
सीएम योगी यहां से प्रसिद्ध रंगकर्मी राज बिसारिया के घर पहुंचे। यहां सीएम ने राज बिसारिया जी से कहा कि आपने कला और संस्कृति को बढ़ाने का काम किया है, इसीलिए इस अभियान के तहत हने आपको भी चुना। सीएम ने उनसे 2019 के चुनाव में साथ देने की अपील की। वहीं, राज बिसारिया ने कहा कि ये बहुत अच्छी पहल है। ऐसी मुलाकात से लोगों का विश्वास बढ़ता है।
इसके बाद सेवानिवृत्त न्यायाधीश एच.एन. तिलहरी के यहां जानकीपुरम स्थित आवास पहुंचे हैं। बता दें कि इसी अभियान के तहत ही नौ जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म अभिनेता संजय दत्त से सीएम आवास में मुलाकात की थी।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने पर भाजपा ने ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत केंद्र सरकार के जनउपयोगी कार्य के प्रति जनता को जागरूक करने के साथ ही 2019 के लिए उनसे समर्थन भी मांगा जा रहा है।





