PAK में कुछ इस जरिये चुनाव लड़ेगा हाफिज़ सईद
मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद का संगठन जमात-उद-दावा 25 जुलाई का आम चुनाव ‘अल्लाह -हू- अकबर तहरीक’ के जरिये लड़ेगा. दरअसल, इस समूह की मिल्ली मुस्लिम लीग (एमएमएल) का राजनीतिक पार्टी के रूप में रजिस्ट्रेशन होना अभी बाकी है. संगठन के एक वरिष्ठ सदस्य ने यह जानकारी दी.
जमाद-उद- दावा ने साल 2008 में मुंबई हमले को अंजाम दिया था. इस संगठन ने मिल्ली मुस्लिम लीग के नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू की थी, लेकिन पाकिस्तान चुनाव आयोग के पास यह अब तक रजिस्टर्ड नहीं हो पाया है. आम चुनाव नजदीक आने के साथ ही संगठन ने निष्क्रिय पड़ी पार्टी ‘अल्लाह-हू-अकबर तहरीक’ के जरिये चुनाव लड़ने का फैसला किया. यह पार्टी पाकिस्तान चुनाव आयोग में पहले से रजिस्टर्ड है.
जमात-उद- दावा के एक सदस्य ने बताया, ‘यह एक निष्क्रिय पार्टी है, जिसे एहसान नाम के नागरिक ने पंजीकृत कराया था. इस तरह की कई पार्टियां पाकिस्तान चुनाव आयोग में दर्ज है, ताकि मुख्यधारा की किसी पार्टी को अगर परेशानियों का सामना करना पड़े तो वे इनका सहारा ले सकें.’





