शिवपाल ने कहा- प्रदेश में 2019 में सपा व बसपा का गठबंधन भाजपा को कर देगा बाहर

कन्नौज। पूर्व मंत्री व सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी में अंदरूनी कलह व मतभेदों को नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के आशीर्वाद ने खत्म कर दिया है। अब कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। सभी समाजवादी एक साथ आ चुके हैं। भाजपा ने समाज को तोडऩे का काम किया है। पिछड़ों व अनुसूचित जाति के लोगों संग भेदभाव हो रहा है। इसका जवाब जनता देगी। 2019 में सपा-बसपा गठबंधन प्रदेश से भाजपा को बाहर कर देगा।

वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से गुजरते समय ठठिया में विशिष्ट मंडी के पास सपाइयों से मुखातिब थे। मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में आपसी मतभेद खत्म हो गए हैं। पारिवारिक स्तर पर कोई मामला नहीं रह गया है। इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल होगी। भाजपा को जनता के साथ भेदभाव करने का सबक जरूर मिलेगा। कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। विकास कार्य भी पूरी तरह से ध्वस्त हैं। सपा सरकार की योजनाओं को धन नहीं मिल रहा है। इससे कन्नौज जिले से लेकर बाकी जगह तमाम अच्छे काम ठप पड़े हैं।

Back to top button