DDvRR: दिल्ली के रणबांकुरों के लिए आज है ‘करो या मरो’ का मुकाबला

नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली डेयरडेविल्स को 2018 में आईपीएल 11 क्रिकेट के प्ले ऑफ में पहुंचने की अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए अब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बुधवार को यहां खेल जाने वाले मैच सहित बाकी छह मैचों में बस जीत और जीत चाहिए। गौतम गंभीर के सीजन के अधबीच कप्तानी छोडने के बाद कमान संभालने वाले श्रेयस ने केकेआर के खिलाफ बतौर कप्तान अपने पहले मैच में तूफानी पारी खेल दिल्ली को जब अपने पहले ही मैच में जीत दिलाई तो लगा की टीम ने अपनी रंगत पा ली है।
महेंद्र सिंह धोनी के धमाल से चेन्नै सुपर किंग्स के हाथों बड़े स्कोर वाले मैच में दिल्ली की पुणे में 13 रन से हार के बावजूद एक उत्साहवर्धक बात यह रही कि ऋषभ पंत और विजय शंकर की तूफानी हाफ सेंचुरी से बहुत हद तक उसके बड़े स्कोर के करीब पहुंचने में कामयाब रही। दिल्ली को अभी भी होड़ में बने रहना है तो उसके नए कप्तान श्रेयस अय्यर और विस्फोटक ऋषभ पंत को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान पर बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी लेनी होगी।
दिल्ली की बदकिस्मती है अब तक के आठ मैचों में ऋषभ पंत (306 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (257) जैसे युवा तुर्कों को छोड़ कर उसके ज्यादातर बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। दिल्ली की आठ मैचों में छठी हार से उसकी प्ले ऑफ में पहुंचने की राह और मुश्किल हो गई है। राजस्थान रॉयल्स के सात मैचों में तीन जीत और चार हार के साथ छह अंक हैं। राजस्थान अपने घर जयपुर में मेहमान सनराइजर्स हैदराबाद से और दिल्ली डेयरडेविल्स पुणे चेन्ने सुपर किंग्स से हारने के बाद जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेंगी और ऐसे में दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद है।
दिल्ली डेयरडेविल्स राजस्थान से उसके घर में जयपुर में बारिश की मार के चलते डकवर्थ लुईस आधार पर 10 रन से हार गई थी। अपने घर में राजस्थान से हिसाब चुकता करने और जीत की राह पर वापस लौटने के लिए दिल्ली के रंग में चल रहे पंत और अय्यर जैसे दोनों युवा तुर्कों के साथ उसके शीर्ष क्रम में एक अन्य युवा तुर्क पृथ्वी शॉ के साथ अनुभवी कॉलिन मुनरो, ग्लेन मैक्सवेल को बड़े स्ट्रोक खेल अपनी रंगत दिखा कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाना होगा।





