बर्दाश्त न हुई ‘बसंती’ से जुदाई तो ‘वीरू’ ने कर दिया ऐसा काम, देख चकरा गए सब लोग

जिससे बेपनाह इश्क किया, उससे जुदाई बर्दाश्त नहीं हुई और फिर युवक ने ऐसा काम कर दिया, देखकर कहेंगे क्या प्यार में कोई इस हद तक जा सकता है।
मामला पंजाब के कपूरथला का है। सोमवार की सुबह जिला और पुलिस प्रशासन की जान उस समय सांसत में आ गई, एक ईजीएस शिक्षक अपनी पत्नी को मिलाने की मांग को लेकर एसएसपी की कोठी के पास स्थित अफसर कालोनी के मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। रात 12 बजे पेट्रोल की बोतल लेकर चढ़े शिक्षक को लेकर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा है।एसडीएम कपूरथला और डीएसपी सब-डिवीजन ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को पत्नी से मिलाने का आश्वासन देकर नीचे उतरवाया। शिक्षा विभाग कपूरथला में बतौर ईजीएस/एआईई वालंटियर कार्यरत निशांत कुमार अपनी पत्नी से खुद को मिलाने की मांग को लेकर रविवार देर रात करीब 12 बजे एसएसपी संदीप कुमार शर्मा के आवास के पास अफसर कालोनी स्थित मोबाइल टावर पर एक थैले में पेट्रोल की बोतल डालकर चढ़ गया। रात को तो इस बारे में किसी को कुछ पता नहीं चला।
सोमवार को अलसुबह यह बात पूरे शहर में फैल गई। निशांत कुमार ने बताया कि वह सरकारी एलिमेंटरी स्कूल शेखूपुर (लाल कोठी) में बतौर ईजीएस वालंटियर काम करता है और उसने समीपवर्ती गांव की लड़की से हाईकोर्ट में विवाह करवाया था। विवाह से कुछ दिन बाद लड़की के पारिवारिक सदस्य और शहर के कुछ गणमान्य लोग उसकी पत्नी को यह कह कर ले गए कि उन दोनों का धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह कराएंगे।
लेकिन लगभग 2 साल बीतने के बावजूद पत्नी को न तो उसके पास भेजा और न ही शादी करवाई। यहां तक उससे मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। उसने बताया कि अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए उसने कई बार पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनीं। यहां तक कि उससे ससुराल पक्ष की तरफ से धमकाया भी जा रहा है। इसकी शिकायत भी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उसने बताया लड़की के परिवार का एक सदस्य पंजाब पुलिस का मुलाजिम हैं, जिस कारण उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही हैं। इससे तंग आकर वह रविवार की देर रात 12 बजे मोबाइल टावर जा चढ़ा। जिससे वह अपनी पत्नी को वापस पाने की जायज मांग जिला प्रशासन तक पहुंचा सके। जैसे ही शिक्षक के टावर पर चढ़े होने की सूचना प्रशासन को मिली तो एसडीएम कपूरथला डा. नयन भुल्लर और डीएसपी सब-डिवीजन गुरमीत सिंह मौके पर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने मामला हल करवाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद निशांत कुमार टावर से नीचे उतरा। डीएसपी गुरमीत सिंह ने कहा कि इस बाबत थाना सिटी के एसएचओ से रिपोर्ट लेकर कानूनी सलाह के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लड़की के परिजनों के अनुसार 24 जून 2015 में दोनों का आपसी सहमति से तलाक हो चुका हैँ और लड़की की ओर से भी हाईकोर्ट में निशांत के साथ न रहने का शपथ पत्र दायर किया हुआ है। इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
पहले भी कई बार पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़ चुका है निशांत
निशांत कुमार ईजीएस वालंटियर्स यूनियन का सक्रिय नेता है और पहले भी कई बार पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़ चुका है। पंजाब सरकार और शिक्षा विभाग पर दबाव बनाने के लिए निशांत कुमार पहले भी इस तरह के हथकंडे अपना चुका है और कई बार लगातार धरना-प्रदर्शन करके प्रशासन की नाक में दम कर चुका है। बेशक इस बार इसका मामला निजी हैं, लेकिन अधिकतर बार तो अपनी मांगों को लेकर ऐसे हथकंडे अपनाए हैं।





