ब्राइटलैंड स्कूल मामला:आरोपी छात्रा बोली- मैंने नहीं मारा चाकू, मुझे फंसाने की साजिश, CBI से जांच की मांग

शहर के नामी ब्राइटलैंड स्कूल में पहली कक्षा के बच्चे रितिक शर्मा को चाकू मारने के मामले में आरोपी लड़की ने कहा कि उसे इस मामले में जानबूझ कर फंसाया जा रहा है. आरोपी छात्रा ने घटना के बाद पहली बार मीडिया के सामने आकर कहा कि उसे घटना के बारे में घर पर न्यूज चैनलों से पता चला था. छात्रा ने कहा कि घायल बच्चे द्वारा उसे पहचानने में गलती हुई है.

टीचर से बहस का बदला लिया है
छात्रा ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम से अंजान थी. जब वह स्कूल से घर पहुंची तो उसे न्यूज चैनलों में इस घटना के बारे में पता चला था. उसने कहा कि उसके पापा की स्कूल टीचर से बहस हुई थी, जिसका बदला टीचर ने इस मामले में उसे फंसा कर लिया है. लड़की ने कहा कि वह तो उस लड़के को पहचानती तक नहीं है जिसके साथ यह हादसा हुआ है.
घटना स्थल मिले बालों के सवाल पर छात्रा ने बताया कि क्लास में आकर एक टीचर ने उसके बाल काटे थे. चूंकि उसके बाल बढ़े हुए थे, टीचर ने उसके कुछ बाल काट लिए. लड़की ने इस मामले में स्कूल की फ्लोर इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए हैं.





