अमेरिका ने कहा- हम हाफिज सईद को मानते हैं आतंकी, पाक चलाए केस
वाशिंगटन। मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को लेकर दिए गए पाक पीएम शाहिद खकान अब्बासी के बयान पर अमेरिका की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। अमेरिका ने पाकिस्तान से दो टूक कहा है कि हाफिज सईद एक आतंकी है, जो मुंबई में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड भी है। इसलिए पाकिस्तान उस पर कानून की अंतिम सीमा तक केस चलाए।
आपको बता दें कि पिछले दिनों पाक पीएम ने हाफिज सईद को ‘साहेब’ कहते हुए कहा था कि उसके खिलाफ पाकिस्तान कोई केस दर्ज नहीं है। इसलिए मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। पाक पीएम के इस बयान के बाद अमेरिका के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हेथर नेवार्ट ने मीडिया को संबोधित करते हुए साफ कहा कि अमेरिका हाफिज सईद को आतंकी मानता है और मानता रहेगा।
नेवर्ट ने कहा कि हमारा मानना है कि हाफिज सईद पर कानून की अंतिम सीमा तक केस चलाया जाना चाहिए। वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा जारी 1267 आतंकियों की सूची में शामिल है। हमने पाक सरकार को भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। हमारा मानना है कि इस शख्स के खिलाफ केस चलाया जाना चाहिए।





