बिहार पर ठंड व कोहरे की दोहरी मार, और धीमी हुई ट्रेनों की रफ्तार

पटना। बिहार में ठंड का कहर लगातार गहराता जा रहा है। रविवार को भी सुबह में पटना सहित पूरे प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हैं। ठंड के कारण लोग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। सड़कों व बाजारों में चहल-पहल कम दिख रही है। ठंड से फुटपाथी गरीबों की हालत बेहद खराब है। राज्‍य में गरीबों के लिए अलाव की व्‍यवस्‍था असंतोषजनक है।बिहार पर ठंड व कोहरे की दोहरी मार, और धीमी हुई ट्रेनों की रफ्तार

कोहरे की चादर से लिपटा बिहार 

राजधानी पटना में शुक्रवार की रात से ही घना कोहरा छाया रहा है। रात में हवा में सौ फीसद नमी के कारण ऐसा लगा मानो आसमान से पानी की फुहारें गिर रहीं हों। पूरे बिहार में कमोबेश यही स्थिति रही। शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 9.00 डिग्री और अधिकतम 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार की सुबह से भी ऐसा ही हाल है।

पांच जनवरी तक ठंड से राहत के आसार नहीं 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 जनवरी तक पटना का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पांच जनवरी तक घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। वहीं शनिवार को भागलपुर सबसे सर्द रहा। भागलपुर और सबौर का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री और अधिकतम 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री और अधिकतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को पटना में सबसे अधिक घना कोहरा छाया रहेगा। गया, भागलपुर और पूर्णिया सहित अन्य क्षेत्रों में घना कोहरा रहेगा। पटना में धूप निकलने की संभावना नहीं है। अन्य शहरों में दोपहर तक आकाश साफ हो सकता है। पांच जनवरी तक पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड में कोई कमी नहीं आएगी। 

रेलवे ट्रैक पर रेंग रहीं ट्रेनें

कोहरे की कहर से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक सी लग गई है। शनिवार को नई दिल्ली से आने वाली तमाम ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंची। राजधानी जैसी ट्रेनें भी 12 घंटे विलंब से जंक्शन पहुंची। राजधानी एक्सप्रेस के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को भोजन व नाश्ते में काफी परेशानी हुई। नाश्ते में जहां उन्हें एक छोटा पैकेट बिस्किट व मिक्सचर देकर टरका दिया गया, वहीं भोजन भी काफी देर से परोसा गया।

विलंब से चलने वाली ट्रेनों की स्थिति

– 12394 संपूर्ण क्रांति : 8 घंटे
– 12310 राजधानी एक्स. : 12 घंटे
– 12368 विक्रमशिला एक्स : 10 घंटे
– 12391 श्रमजीवी एक्स : 7 घंटे
– 12402 मगध एक्सप्रेस : 10 घंटे
– 14055 ब्रह्म्पुत्र एक्स : 9 घंटे 
– 12505 नार्थ ईस्ट : 17 घंटे
– 13240 कोटा-पटना : 11 घंटे
– 12141 एलटीटी एक्स : 7 घंटे
– 13202 कुर्ला-राजेन्द्र नगर : 4 घंटे
– 13006 पंजाब मेल : 7 घंटे
– 13050 अमृतसर एक्स : 4 घंटे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button