कंस को लग रहा है कि जेल में बंद कर खतरा कम हो गया: तेजस्वी
पटना। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद उनके पुत्र और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को केंद्र सरकार और बिहार सरकार पर इशारों-इशारों में तंज कसते हुए ट्वीट किया। तेजस्वी ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर लिखा है कि कंस को लग रहा है कि जेल में बंद कर खतरा कम हो गया, उन्हें नहीं पता कि काल तो अब जन्म लेगा।
इससे पहले मंगलवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा था कि भाजपा और जदयू जनमानस की दृष्टि में क्रमशः धूर्तता और विश्वासघात का पर्याय बन चुके हैं। लालू प्रसाद जी के सिद्धांतों पर हर सूरत में चलने की हठ के सामने दूसरा कोई उदाहरण वर्तमान राजनीति में मिलना सम्भव नहीं। पूरा देश मान रहा है कि लालू जी ने भाजपा की धूर्तता के सामने पूरी दिलेरी से सच की राह पर हर कीमत पर अड़े हैं और रहेंगे।
उन्होंने कहा कि तथाकथित चारा घोटाला दो मिनट में भाईचारा घोटाला में तब्दील हो जाता अगर लालू जी का डीएनए बदल जाता। अगर लालू जी भी बीजेपी से हाथ मिला लेते तो वो हिंदुस्तान के आज के राजा हरीशचंद्र होते। भाजपा और जातिवादी संगठन आरएसएस और उसके दूत नीतीश कुमार ने लालू जी को फंसाया ही नहीं अपितु उन्हें अपशब्द कह रहे हैं। तथाकथित भ्रष्टाचार तो बहाना है। इन लोगों ने कर्पूरी ठाकुर जी को भी जातिवादी गालियां दी थी। उनपर तो भ्रष्टाचार का आरोप भी नहीं था।
तेजस्वी ने कहा कि न्यायालय की प्रक्रिया का हम सम्मान करते हैं और इसी प्रक्रिया में आगे चलकर लालू जी दोषमुक्त भी सिद्ध होंगे, इस बात का हमें पूर्ण विश्वास है। भाजपा झूठ,पाखंड, ढोंग और भ्रमित प्रॉपगैंडा फैलाने वाली फ़ैक्टरी है। भाजपा के केंद्र में साढ़े तीन साल के कार्यकाल में झुठलाए वादों और बेवजह के मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श बनाने से यह स्पष्ट भी हो गया है। उन्होंने कहा कि इस अन्याय और बदले की राजनीति को देखकर जनता में भारी आक्रोश है। जनता चीख़-चीख़ कर कह भी रही है कि “जिसे हराया वो सरकार में है, जिसे जिताया वो कारागार में है।”





