पॉलीथिन फ्री होगी टिहरी झील, प्रशासन ने शुरू की कवायद
नई टिहरी: सैर-सपाटे को टिहरी झील आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग अब झील के किनारे प्लास्टिक का कचरा नहीं फेंक पाएंगे। कारण, प्रशासन ने टिहरी झील को पॉलीथिन फ्री करने के लिए नई व्यवस्था कर दी है। इसके तहत खाने-पीने की वस्तुएं लेकर झील की ओर आने वाले पर्यटकों को वापसी में इनके खाली रेपर भी साथ लाने होंगे। इन्हें झील विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों के सुपुर्द किया जाएगा।
टिहरी झील में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ ही गंदगी और प्रदूषण भी बढ़ रहा है। टिहरी झील विशेष परिक्षेत्र प्राधिकरण के साथ बीते 20 दिसंबर को हुई बैठक के बाद डीएम सोनिका ने प्राधिकरण के अधिकारियों को झील को प्लास्टिक फ्री करने के निर्देश दिए थे। अभी नौकायन और घूमने के लिए आने वाले पर्यटक खाने-पीने की वस्तुएं लेकर ही झील में जाते हैं और वहीं उनके खाली रेपर भी फेंक देते हैं।
इससे लगातार झील में गंदगी बढ़ रही है। लेकिन, नई व्यवस्था के अनुसार अब कोई भी पर्यटक झील में खाने-पीने का सामान लेकर जाता है तो उसे टिकट काउंटर पर उसकी जानकारी देनी होगी। इसके एवज में उससे कुछ सिक्योरिटी भी ली जाएगी। वापसी में खाने-पीने की वस्तुओं के खाली रेपर पर्यटक को काउंटर पर जमा कराने होंगे। इसके बाद सिक्योरिटी राशि उसे लौटा दी जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि इससे झील साफ-सुथरा तो रहेगी ही, पर्यावरण भी स्वच्छ होगा। डीएम ने प्राधिकरण के अधिकारियों को इस संबंध में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इस बाबत बोट संचालकों से भी प्रशासन ने वार्ता की है और वे इस व्यवस्था को अपनाने के लिए राजी हैं। बोट संचालक यूनियन के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि झील को स्वच्छ रखने के लिए सभी स्थानीय युवा भी सहयोग कर रहे हैं।
चारा घोटाला मामले में लालू यादव दोषी करार, 3 जनवरी को होगा सजा का ऐलान
रिक्शों से उठाया जाएगा कूड़ा
टिहरी झील प्राधिकरण ने झील के आसपास से कूड़ा उठाने के लिए दो रिक्शा खरीदे हैं। इनसे झील के आसपास के क्षेत्र से कूड़ा उठाया जाएगा। झील के आसपास के क्षेत्र में हर जगह वाहन नहीं जा सकते, लेकिन रिक्शा आसानी से चले जाएंगे। इससे भी वहां पर गंदगी और कूड़ा से निजात मिलेगी।
जिलाधिकारी (टिहरी गढ़वाल) सोनिका का कहना है कि टिहरी झील आने वाले समय का सबसे बड़ा पर्यटन स्थल है। ऐसे में यहां पर पर्यावरण को ध्यान में रखकर काम करना होगा। झील को गंदगी से बचाने के लिए यहां पर पॉलीथिन फ्री क्षेत्र घोषित किया गया है।





