रियलिटी शो ‘द वॉयस इंडिया किड्स’ में सलमान-कैटरीना के सामने गुंतास गाएंगी गाना

एंड टीवी के रियालिटी शो ‘द वॉयस इंडिया किड्स’ में कानपुर की गुंतास ने रॉक स्टार अंदाज में गाने सुनाकर सबका दिल जीत लिया है। गुंतास ने अपनी बेहतरीन गायकी के दम पर शो के टॉप-12 में जगह बना ली है। अब 23 दिसंबर को गुंतास सलमान और कैटरीना के सामने प्रस्तुति देंगी। 
कानपुर के रंजीत नगर निवासी हरप्रीत सिंह की बेटी गुंतास ‘द वॉयस इंडिया किड्स’ में कानपुर ही नहीं उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहीं हैं। सैकड़ों टैलेंटेड बच्चों को पीछे कर गुंतास ने बेहतरीन गायकी का लोहा मनवाया है। गुंतास के पिता हरप्रीत सिंह शास्त्री नगर में एक स्कूल चलाते हैं और मां गुरुविंदर कौर स्कूल की प्रिंसिपल हैं।
गुंतास और उसका बड़ा भाई अर्जुनवीर सिंह दोनों का ही रुझान बचपन से ही गायकी की तरफ रहा। बेटी की इस उड़ान को देखकर पिता बेहद खुश हैं। गुंतास का सपना बॉलीवुड सिंगर बनने का है। शो का ग्रांड फिनाले मार्च 2018 में होना है। शो में गुंतास के कोच बॉलीवुड सिंगर शान हैं। शान के अलावा इस प्रोग्राम में हिमेश रेशमियां, पलक मुच्छल, सिंगर पॉपन, नीति मोहन कोच/जजेस की भूमिका निभा रहे हैं।






