गाजियाबाद-गुड़गांव समेत 9 बिटकॉइन एक्सचेंजों में आयकर विभाग की तलाशी

नई दिल्ली | इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बुधवार को देश के 9 बिटकॉइन एक्सचेंजों में सर्च अभियान चलाया। ये एक्सचेंज दिल्ली, गुड़गांव , गाजियाबाद, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोच्चि में हैं। सूत्रों के मुताबिक टैक्स अधिकारियों को बिटकॉइन के 20-25 लाख निवेशकों का पता लगा है। जिन बैंक खातों से उन्होंने ट्रांजैक्शन किया है, अधिकारियों ने उनका विवरण लिया। निवेशकों के कस्टमर आईडी, ईमेल, कॉरेस्पोंडेंस आईडी आदि की जानकारी के लिए एक्सचेंजों में क्लोनिंग और मिरर इमेजिंग डिवाइस लगाए गए हैं। अब यह पता लगाया जाएगा कि बिटकॉइन के निवेशक टैक्स की चोरी तो नहीं कर रहे।
– बिटकॉइन एक वर्चुअल करेंसी है। भारत समेत किसी भी देश के सेंट्रल बैंक ने इसे अभी तक मान्यता नहीं दी है। पिछले रविवार को शिकागो बोर्ड ऑप्शंस एक्सचेंज में इसकी फ्यूचर ट्रेडिंग शुरू हुई। भारत में इसकी ट्रेडिंग करने वाले एक्सचेंज मान्यता प्राप्त नहीं हैं।
– मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयकर विभाग बिटकॉइन से होने वाले मुनाफे पर कैपिटल गेन्स टैक्स लगा सकता है।
– इन्वेस्टमेंट की तारीख से तीन साल के भीतर पैसे निकाले तो वह शॉर्ट टर्म होगा और मुनाफे पर 30% टैक्स लगेगा। तीन साल से ज्यादा का निवेश लांग टर्म होता है और इसमें मुनाफे पर 20% टैक्स लगेगा।
ये भी पढ़ें: सप्ताह में 2 दिन चंडीगढ़, 4 दिन क्षेत्र में रहने वाले मंत्रियों की गाड़ियां राेज दौड़ रहीं 680 किमी
बिटकॉइन में डील नहीं कर सकेंगे कोरियाई बैंक
दक्षिण कोरिया के बैंक बिटकॉइन या किसी अन्य वर्चुअल करेंसी में डील नहीं कर सकेंगे। वहां की सरकार ने इस पर रोक लगा दी है। दक्षिण कोरिया में इस करेंसी की काफी डिमांड है। दुनिया का 20% बिटकॉइन ट्रांजैक्शन यहीं होता है। करीब 10 लाख कोरियाई नागरिकों ने इसमें निवेश कर रखा है। डिमांड इतनी ज्यादा है कि अमेरिका की तुलना में यहां बिटकॉइन की कीमत 20% ज्यादा रहती है।
एक बिटकॉइन 13.8 लाख रु. का, इस साल 24 गुना बढ़े दाम
इस साल जनवरी में एक बिटकॉइन 750 डॉलर का था। अभी तक इसके दाम करीब 24 गुना बढ़ चुके हैं। शिकागो एक्सचेंज में बुधवार शाम इसकी कीमत 18,000 डॉलर के आसपास थी। भारतीय एक्सचेंजों में इसके दाम 13.8 लाख रुपए थे।





