सरकार का ध्यान खींचने को गुर्गा बने बेरोजगार, देखने को लगी भीड़

जयपुर। एक साल बाद भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने से नाराज बेरोजगारों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। उन्होंने दुर्गापुरा स्थित राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड के कार्यालय के बाहर मुर्गा बनकर चयनितों को नियुक्ति की मांग की। बेरोजगारों की ओर से किए गए इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए भीड़ जुट गई।जानिए और इस बारे में …
– राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के अध्यक्ष उपेन यादव का कहना है कि अधीनस्थ बोर्ड की ओर से आयोजित प्रयोगशाला सहायक भर्ती के चयनितों को अब तक नियुक्ति नहीं मिली है। चयनितों ने बोर्ड के अध्यक्ष व सचिव को ज्ञापन देकर नियुक्ति की अभिशंषा भिजवाने की मांग की है। यादव ने कहा कि पिछले साल 13 नवंबर को भर्ती परीक्षा आयोजित हुई। इस साल 14 अगस्त को भर्ती का परिणाम जारी कर दिया गया। इसके बाद 11 अक्टूबर को दस्तावेज जांच का काम भी पूरा हो चुका है, लेकिन बोर्ड ने पात्र और अपात्रों की सूची तक जारी नहीं की। बोर्ड को जल्दी से जल्दी यह सूची जारी कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की आगे की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।





