DJ की आंख में मिर्च डाल छाती और गर्दन पर मारी तलवारें, कमरे में फैला था खून
पटियाला. घर में एक डीजे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 32 साल का नाहिद सलमानी डीजे प्लेयर, डॉग सप्लायर व कांग्रेसी वर्कर था। बता दें कि मंगलवार रात हत्यारे उसके घर में पहले से अंदर थे। उन्होंने तोता की आंखों में मिर्ची डाली। फिर उसकी गर्दन, चेहरे, सिर व छाती पर तलवारों और प्राइवेट पार्ट के पास सूए से लगातार कई वार किए और हत्यारे उसे तड़पाते रहे। उसकी गर्दन पर 7 इंच तक काटने का निशान था। पड़ोसियों को उसकी चीख-पुकार तक नहीं सुनाई दी। हत्यारे उसको बेड से नीचे फेंक कर कमरे को ताला लगाकर फरार हो गए।

बाथरूम से लेकर कमरे तक बिखरा था खून…
– मृतक के चार भाई व अन्य घरवाले बुधवार सुबह से उसे लगातार फोन कर रहे थे। भाई तोहिद उर्फ पोदा मोबाइल बंद मिलने पर तोता को बुलाने घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि घर में बाथरूम से लेकर कमरे तक खून बिखरा था और कमरे को बाहर से ताला लगा था।
– पालतू चार पिट बुल डॉग्स ऊपर बंधे थे। कमरे का ताला तोड़कर अंदर गया तो देखा कि भाई तोता को लहूलुहान हालत में बेड के पास फर्श पर पड़ा हुआ था।
– वारदात की सूचना पर थाना अर्बन स्टेट, एसपी सिटी केसर सिंह व अन्य थाना के एसएचओ घटनास्थल पर पहुंचे।
– भाइयों ने बताया कि मंगलवार रात 10 बजे तोता ने उन्हें ढिल्लों कॉलोनी उनके मां-बाप के घर छोड़ा था। तोता बाबा दीप सिंह नगर में अकेला रहता था। वह उन्हें घर पर डॉग्स को दूध पिलाने की बात कहकर निकला था। पड़ोसियों के मुताबिक नाहिद का स्वभाव बहुत अच्छा था। वह हर किसी का मददगार रहा है।
वारदात में करीबी का हाथ
– पुलिस टीम व फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौका-ए-वारदात की जांच की। कमरे के दरवाजे पर भी तलवार का निशान मिला।
– तोता की गर्दन पर तलवार से जोरदार वार होने से उसके शरीर से लगातार खून बह रहा था। इससे पता चलता है कि हत्यारों में बहुत खुन्नस थी।
– जाहिर है हत्यारे तोता के करीबी रहे होंगे, क्योंकि वारदात की रात घर में मौजूद चार पिट बुल डॉग्स भौंके भी नहीं।
– हत्यारों ने वारदात से पहले डॉग्स को ऊपर के कमरे में बांधा होगा। माना जा रहा है कि इनमें कोई लड़की भी रही होगी।
– किसी पार्टी के लिए तोता बाहर से चिकन लेकर आया था। इस दौरान वह सोशल नेटवर्किंग पर ऑनलाइन रहा।
– रात करीब 1 बजे के बाद तोता का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। माना जा रहा है कि हत्यारे के घर की पिछली दीवार फांदकर फरार हुए है।





