सिर्फ आरओ का पानी पीते इस गांव के लोग, आरओ वाटर के लिए जारी है एटीएम कार्ड

बिलासपुर संसदीय क्षेत्र के नक्शे में ग्राम पंचायत हथनीकला ऐसा गांव है जो ग्रामीणों के स्वास्थ्य के प्रति न केवल जागरूक है वरन ग्रामीणों को आरओ वाटर भी उपलब्ध करा रहा है। लोगों को सहजता से आरओ वाटर मिले इसके लिए जल एटीएम कार्ड भी जारी किया गया है। एक एटीएम कार्ड में एक परिवार को प्रतिदिन नि:शुल्क 20 लीटर आरओ पानी दिया जा रहा है।
ग्राम पंचायत हथनीकला की कुल आबादी तीन हजार 435 है। हथनीकला की गिनती साक्षर गांव के रूप में होती है। युवा पीढ़ी स्कूल में नजर आती है। बुजुर्ग कम पढ़े-लिखे होने के बाद भी स्वास्थ्य के प्रति इनमें जागरूकता गजब की है।
ग्राम पंचायत के सरपंच व पंचों की भूमिका भी कमतर नहीं है। लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए ग्राम पंचायत ने तीन जगहों पर पांच-पांच हजार लीटर क्षमता वाली तीन पानी टंकी का निर्माण किया है।
इसे भी पढ़े: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटों पर मतदान जारी, अबतक 13.72 प्रतिशत मतदान
यहीं पर लगाए गए आरओ प्लांट से ग्रामीणों को दो वक्त मिनरल वॉटर उपलब्ध कराया जाता है। एक समय में एक कार्ड से 10 लीटर पानी दिया जा रहा है। दो वक्त एक कार्डधारी को 20 लीटर पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके लिए कार्डधारी को मशीन में कार्ड स्वाइप करना पड़ता है।
कार्ड स्वाइप होते ही एक बार में नल से 10 लीटर आरओ वाटर निकलता है। जैसे ही 10 लीटर पानी निकलता है नल अपने आप बंद हो जाता है। पूरा सिस्टम ऑटोमेटिक है।
डायरिया ने किया सचेत
ग्राम पंचायत हथनीकला में 6 महीने पहले गांव के एक मोहल्ले में डायरिया के चपेट में कुछ बच्चे व बुजुर्ग आ गए थे। हालांकि जान-माल का नुकसान नहीं हुआ था। इस घटना के तकरीबन एक पखवाड़ा पहले सरपंच देश के सबसे विकसित ग्राम हिबड़े बाजार गया था।
वे अपने स्वयं के खर्च से इस गांव के विकास को देखने के लिए गए थे। वहां जगहजगह आरओ वाटर प्लांट लगाकर लोगों को फ्री में पानी उपलब्ध कराया जा रहा था। इसके लिए घर-घर जल एटीएम कार्ड जारी किया गया था।
ग्राम पंचायत में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए हमने गांव में आरओ वाटर का प्लांट तैयार करवाया है। यहां हर परिवार को 20-20 लीटर पानी दिया जाता है। इसके लिए सभी को जल एटीएम कार्ड भी उपलब्ध कराया गया है। – संतूसिंह राजपूत सरपंच, ग्राम पंचायत हथनीकला





