कोलकाता में डेंगू का कहर चार घंटे के भीतर दो महिलाओं समेत इतने लोगों की मौत…

कोलकाता- महानगर से सटे उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा इलाके में डेंगू भयावह स्थिति धारण कर लिया है। बुधवार की शाम को हाबरा अस्पताल में चार घंटे के अंदर डेंगू से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, सैकड़ों डेंगू पीडि़त अस्पताल में भर्ती है। पिछले 7 दिनों में हाबरा सबडिवीजन में डेंगू से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, दूसरी ओर सबडिवीजन अस्पताल में लोगों को सही से चिकित्सा नहीं मिलने के भी आरोप लग रहे हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक हर दिन छह से अधिक डेंगू पीडि़त रोगी अस्पताल पहुंच रहे हैं। हावड़ा सबडिवीजनल अस्पताल में बेड की संख्या 131 है और इस समय मरीज करीब 400 भर्ती है।
बताया गया है कि बुधवार की शाम छह से रात 10 बजे तक तीन लोगों की मौत हुई है। सबसे पहले बागजोला की रहने वाली मनोआरा बीबी (42) नामक एक महिला की स्थिति बिगड़ने लगेगी। इसके बाद चिकित्सकों हाबरा अस्पताल से उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। उसी दौरान एंबुलेंस में उसने दम तोड़ दिया।
बुधवार की शाम को ही अशोकनगर के मानिकतल्ला की रहने वाली लिलि सुर (64) और प्रशांत कर्मकार (49) को अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के एक घंटे के भीतर ही दोनों की मौत हो गई। बताया गया है कि मरने वाले तीनों मरीज के खून में डेंगू के वायरस मिले थे।
अस्पताल अधीक्षक का कहना है कि रोगियों की बढ़ती भीड़ और संसाधन के अभाव की वजह से मरीज का सही से उपचार नहीं हो पा रहा है। इस समय अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और ग्रुप डी कर्मचारी का घोर अभाव है। जिसके चलते रोगियों की संख्या बढ़ने से चिकित्सा सेवा देने में परेशानी हो रही है। इस बाबत अस्पताल अधीक्षक शंकरलाल घोष ने स्वास्थ्य विभाग को भी लिखित रूप से जानकारी दी है लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।





