पुरस्कार देने अधिकारी पुकार रहे थे नाम, कि अचानक से सचिव के साथ हो गया ऐसा
भोपाल.जिपं सभागार में सोमवार को स्वच्छता के लिए अच्छा काम करने वाली पंचायतों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम में ईसागढ़ जनपद पंचायत के कुरायला पंचायत सचिव भी अपने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के बीच में अचानक तबीयत बिगड़ने पर पंचायत सचिव को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक मौत का कारण हार्ट अटैक आना है। इधर कार्यक्रम में पंचायत सचिव को बार-बार पुरस्कृत करने के लिए आवाज दी जा रही थी, उधर पंचायत सचिव की मौत हो चुकी थी।

– सोमवार को गांधी जयंती के मौके पर जिपं मे जिला स्तरीय स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिले के सभी ब्लॉकों में स्वच्छता के लिए अच्छा काम करने वाली पंचायतों के प्रतिनिधियों को पुरस्कृत किया जाना था।
– इसी कार्यक्रम में ईसागढ़ जनपद के कुरायला पंचायत सचिव महेश जैन उम्र 26 साल जनपद पंचायत सीईओ नाथूराम अहिरवार सहित अन्य लोगों के साथ सुबह कार्यक्रम में शामिल हुए।
– कार्यक्रम के बीच ही अचानक महेश को पसीना आया तो साथी लोग तत्काल राजश्री नर्सिंग होम ले गए जहां डॉक्टरों ने परीक्षण कर महेश को मृत घोषित कर दिया। बाद में महेश का पीएम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
आधा घंटे में दूसरी बार बिगड़ी तबीयत
– महेश के साथ आए सीईओ श्री अहिरवार ने बताया कि कार्यक्रम शुरू होने के कुछ ही देर बाद महेश को घबराहट हुई तो साथ आए लोेग उसको आनंदपुर ट्रस्ट की क्लीनिक पर ले गए।
– जब महेश का ब्लड प्रेशर नापा तो 169 निकला। तुरंत ही डॉक्टर ने बीपी की गोली दी। उसको खाने के बाद महेश फिर से जिपं पहुंच गया।
– कुछ ही देर बाद फिर से सचिव को पसीना आते ही घबराहट हुई। इस बार साथी उसको राजश्री नर्सिंग होम ले गए लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में महेश की मौत हो गई।
50 हजार का मिलना था पुरस्कार
– जिला स्तरीय स्वच्छता दिवस कार्यक्रम में पंचायतों को प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 40 हजार और तृतीय पुरस्कार 30 हजार रुपए मिलना था।
– प्रत्येक ब्लॉक से 6 पंचायतों को ये पुरस्कार मिलने थे। ईसागढ़ ब्लॉक में आनंदपुर और कुरायला पहले स्थान पर थी।
– इस पुरस्कार में से 20 प्रतिशत राशि सफाई कर्मी, 20 प्रतिशत पालक शिक्षक संघ और बची 60 प्रतिशत राशि पंचायत के सरपंच के खातों में भेजी जाएगी।
– इसके लिए पुरस्कृत होने वाली पंचायतों के सचिव और सरपंचों को बुलाया गया था।
जानकारी के बाद भी नाम लेते रहे अतिरिक्त सीईओ
– जैसे ही पंचायत सचिव की मौत हुई तो तत्काल इसकी सूचना कलेक्टर सहित जिपं के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
– मौत के बाद भी जिपं में पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम चलता रहा।
– जब ईसागढ़ ब्लॉक की बारी आई तो संचालन कर रहे अतिरिक्त सीईओ विशाल सिंह कुरायला के सरपंच सचिव को आमंत्रित करते रहे।
एक्सपर्ट व्यू… तनाव से बचें
– युवाओं में हार्टअटैक आने की प्रमुख वजह तनाव है। इसके अलावा खानपान भी हार्टअटैक की प्रमुख वजह है।
– अत्याधिक तली गली खाद्य सामग्री के साथ ही फास्ट फूड आदि से कोलस्ट्रॉल बढ़ता है इससे ब्लॉकेज आते हैं।
– अगर घबराहट होने के साथ ही पसीना आए और हार्ट में दर्द हो तो सबसे पहले तत्काल चलना बंद करते हुए जहां भी हो वहां लेट जाना चाहिए।





