अब मेट्रो में भी पैसेंजर्स देख सकेंगे क्रिकेट मैच, लगेंगी टीवी स्क्रीन
नागपुर. मेट्रो रेल के यात्रियों को मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध होंगे। महामेट्रो के व्यवस्थापकीय संचालक बृजेश दीक्षित ने कहा कि मेट्रो रेल के यात्रियों को क्रिकेट सहित राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर की विविध स्पर्धाओं का सीधा प्रसारण डिब्बे की स्क्रीन पर देखने को मिलेगा। टीवी पर कार्यक्रम, फिल्में भी दिखाई जाएंगी। मनोरंजन की सुविधा के साथ संकट के समय यात्री सीधे मेट्रो रेलवे ऑपरेटर से संपर्क साधकर मदद की अपील भी कर सकते हैं। गुरुवार को श्री दीक्षित ने मेट्रो रेल के खापरी से विमानतल दक्षिण परिसर में 5.04 किमी अंतर के ट्रायल रन की तैयारी की समीक्षा मिहान डिपो में की। इस अवसर पर वे पत्रकारों से बात कर रहे थे।

गुरुवार को मिहान डिपो में मेट्रो रेलवे को ओएचई केबल पर शुरू करने की जांच की गई। शनिवार 30 सितंबर को खापरी से विमानतल तक के ट्रायल रन को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी हरी झंडी दिखाएंगे। व्यवस्थापकीय संचालक श्री दीक्षित ने कहा कि मेट्रो डिब्बे में आपदा के समय मेट्रो रोकने के लिए इमरजेंसी पुश बटन की सुविधा है। इसके अलावा एक डिब्बे में चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मेट्रो ऑपरेटर को गतिविधियां दिखेंगी।
अगला स्टेशन, गंतव्य स्टेशन आदि की जानकारी देने वाली स्क्रीन भी लगाई गई है। टीवी की स्क्रीन पर विज्ञापन दिखेंगे। इससे महामेट्रो को आय की अपेक्षा है। खापरी से विमानतल तक फिलहाल मेट्रो रेलवे 25 किमी की रफ्तार से जाएगी। किन्तु प्रकल्प पूरा होने के बाद 80 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी। श्री दीक्षित ने बताया कि मेट्रो रेलवे प्रकल्प का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। खर्च की तुलना में अब तक 32 प्रतिशत निधि खर्च हुई है। 8660 करोड़ रुपए के प्रकल्प पर इससे कम खर्च करने का लक्ष्य है। कुल खर्च में से 10 प्रतिसत निधि की बचत करने पर जोर दिया जा रहा है।
दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर
मेट्रो रेलवे में चढ़ने के लिए दिव्यांगों के लिए दो व्हीलचेयर की सुविधा रहेगी। तीन डिब्बे में कुल 950 यात्री एक समय में यात्रा कर सकेंगे। प्रत्येक डिब्बे में पांच सीट गर्भवती महिला, वृद्ध, मरीज, दिव्यांगों के लिए आरक्षित रहेंगे। मेट्रो में केवल एक ही ऑपरेटर रहेगा।
दिसंबर से सामान्य नागरिकों की यात्रा
खापरी, विमातनल, दक्षिण विमानतल स्टेशन दिसंबर तक तैयार होगा। जिस कारण दिसंबर के अंतिम सप्ताह से सामान्य नागरिकों को भी मेट्रो रेलवे से पांच कि.मी. तक यात्रा करना संभव हो सकेगा। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सर्विसेस की अनुमति भी इस बीच मिल जाएगी।
यात्रा के लिए महाकार्ड
मेट्रो रेलवे से यात्रा के लिए महाकार्ड का लोकार्पण शनिवार को किया जाएगा। इस कार्ड के कारण नागरिकों को मेट्रो यात्रा के अलावा महानगरपालिका की आपली बस से यात्रा, पार्किंग शुल्क भी देना संभव होगा। वरिष्ठ नागरिकों के अत्याधुनिक टिकटों की सुविधा रहेगी। महाकार्ड के लिए डीपीआर में 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया था। किन्तु साढ़े तीन लाख यात्री रोजाना यात्रा करेंगे। इसका विचार करते हुए अलग-अलग बैंकों के लिए निविदा निकाली गई है। इससे महामेट्रो के 200 करोड़ रुपए बचेंगे। इसके अलावा 30 करोड़ मिलेंगे।





