बेंगलुरु वनडे: ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को दिया 335 का टारगेट

टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 334 रन बनाए और टीम इंडिया के सामने 335 रनों का लक्ष्य रखा.Australia gave Team India

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डेविड वॉर्नर ने शानदार 124 रनों की पारी खेली साथ ही अपने 100वें मैच को यादगार भी बनाया. वहीं फिंच ने भी उनका बखूबी साथ निभाते हुए 231 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप कर डाली. फिंच हालांकि शतक से चूक गए और 94 रन बनाकर आउट हुए. टीम इंडिया की तरफ से उमेश यादव ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके.

उमेश ने लगाया विकेटों का शतक

बेंगलुरु वनडे में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ का विकेट लेते ही उमेश यादव ने वनडे करियर में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए. उन्होंने अपने वनडे करियर के 71वें मैच में ये उपलब्धि हासिल की है. इस मैच में उमेश यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए हैं. उमेश अब तक 71 वनडे में 102 विकेट ले चुके हैं. जिनमें 4/31 उनका बेस्ट प्रदर्शन है.

इसे भी पढ़े: 100वें वनडे में वॉर्नर ने किया ऐसा कमाल जो नहीं कर पाया कोई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

वॉर्नर-फिंच की रिकॉर्ड पार्टनरशिप

इस मैच में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई ओपनिंग जोड़ी वॉर्नर और फिंच ने पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकार्ड बनाया. इन दोंनों ने पहले विकेट के लिए 231 रनों की साझेदारी की जो ऑस्ट्रेलिया की तरफ से भारत के खिलाफ वनडे में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है.

इसके साथ ही यह जोड़ी भारत के खिलाफ पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी करने वाली सलामी जोड़ी भी बन गई है. इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स और गैरी कर्स्टन ने कोच्चि में भारत के खिलाफ नौ मार्च, 2000 को पहले विकेट के लिए 235 रनों की साझेदारी की थी.

ऑस्ट्रेलिया के विकेट्स

231 रनों के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को डेविड वॉर्नर के रूप में पहला झटका लगा. 34.6 ओवर में केदार जाधव ने की गेंद पर डेविड वॉर्नर को अक्षर पटेल ने कैच कर लिया. वॉर्नर 124 रन बनाकर आउट हुए. वॉर्नर के बाद आरोन फिंच भी क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक पाए और 35.5 ओवर में उमेश यादव की गेंद पर हार्दिक पंड्या के हाथों कैच हो गए. फिंच अपने शतक से भी चूक गए थे वो 94 रन बनाकर आउट हुए.

5 रन बाद ही उमेश यादव ने तीसरा झटका भी दे दिया. 37.1 ओवर में स्टीव स्मिथ (3) उमेश यादव की गेंद पर विराट कोहली को कैच दे बैठे. पहले विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 231 रन की पार्टनरशिप हुई, लेकिन इसके बाद 5 रन के अंदर तीन विकेट गिर गए.

100 वें वनडे में वॉर्नर का शतक

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ओपनर डेविड वॉर्नर अपने वनडे करियर का 100वां मैच खेल रहे हैं. 100वें मैच में तूफानी शतक जड़कर वॉर्नर ने इसे यादगार बना दिया है. यह वॉर्नर का 14वां वनडे शतक था. इसी के साथ ही अपने 100वें वनडे मैच में शतक जड़ने वाले डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले अपने 100वें वनडे में सर्वाधिक स्कोर (81) ज्योफ मार्श के नाम था. लेकिन वॉर्नर ने शतक जड़कर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया.

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम इंडिया को पहले गेंदबाजी दी है. ऑस्ट्रेलिया की टीम में दो बदलाव हुए है. ग्लेन मैक्सवेल और एश्टन एगर टीम से बाहर है, उनकी जगह मैथ्यू वेड और एडम जाम्पा को टीम में शामिल किया गया है. वहीं टीम इंडिया में तीन बदलाव हुए हैं. कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार टीम से बाहर है. उनकी जगह उमेश यादव, मोहम्मद शमी और अक्षर पटेल टीम में शामिल हैं.

विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम सीरीज में पहले ही 3-0 से अजेय बढ़त ले चुकी है. टीम इंडिया ने उसे बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग हर मोर्चे पर पछाड़ा है.टीम इंडिया सीरीज जीत चुकी है, लेकिन फिर भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी आक्रामकता में कोई कमी नहीं आएगी. भारतीय टीम क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट्स में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है. चेन्नई, कोलकाता और इंदौर में जिस तरह टीम इंडिया ने प्रदर्शन किया है, उसे देखकर लगता है कि चौथे वनडे में उसे जीत से रोकना आसान नहीं होगा.

बेंगलुरु में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार

टीम इंडिया ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अबतक 19 मैच खेले हैं जिनमें से 13 मैचों में उन्हें जीत मिली है और 4 मैचों में विराट ब्रिगेड को हार का मुंह देखना पड़ा है. इसके अलावा एक मैच बेनतीजा जबकि एक मैच टाई रहा है.

दोनों टीमें

भारत : अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, केदार जाधव, मनीष पांडे, एमएस धोनी, अक्षर पटेल, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, यजुवेंद्र चहल.

ऑस्ट्रेलिया : डेविड वॉर्नर, एरोन फिंच, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मार्कस स्टोइनिस, पीटर हैंडसकॉम्ब, मैथ्यू वेड, पैट कमिॆस, नेथन कुल्टर नाइल, केन रिचर्डसन, एडम जाम्पा

Back to top button