बनारस में घायल पत्रकार साथियों से मिले हेमन्त तिवारी, दोषी पुलिसवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वाराणसी, 24 सितंबर. बनारस में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम और बीएचयू में छात्राओं के धरने की कवरेज कर रहे पत्रकारों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की सूचना पर रविवार की दोपहर राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घायल पत्रकारों से मुलाकात की और घटना स्थल के अंतर्गत आने वाले बनारस के थाना लंका में जाकर प्राथमिकी संख्या 1180/17 दर्ज कराई. घटना के संदर्भ में दोषी पुलिसवालों के खिलाफ धारा 323, 325, 352 और 393 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है.

varanasi patrkar par hamla

 

हेमन्त तिवारी ने इसके बाद बनारस के मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण और पुलिस महानिरीक्षक (प्रभारी) प्रेमप्रकाश के साथ टीवी चैनल समाचार प्लस के ब्यूरो कार्यालय में जाकर चैनल के यूपी हेड आलोक पांडे व कैमरामैन कौशलेन्द्र उपाध्याय से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. शनिवार रात हुए लाठीचार्ज में आलोक पांडे व कौशलेन्द्र को गंभीर चोटे आयी हैं. इसके बाद सभी अधिकारियों के साथ हेमन्त तिवारी ने अस्सी घाट स्थित होटल जाकर घटना में गंभीर रुप से घायल टीवी चैनल न्यूज वर्ल्ड इंडिया के अमितेश श्रीवास्तव व कैमरामैन अरशद खान से भी मुलाकात की. लाठीचार्ज में अमितेश श्रीवास्तव को गंभीर चोटे आए हैं व उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया है साथ ही अरशद खान बुरी तरह से घायल हैं.

patrakar par hamla

उक्त दोनो ही चैनलों के कैमरों को पुलिसवालों नें लाठीचार्ज के दौरान तोड़कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना में पत्रकार अमितेश श्रीवास्तव का पर्स छीन लिया गया है व पत्रकारों से लूटपाट भी की गयी है. कल देर रात घटना की जानकारी मिलने के बाद श्री तिवारी ने वाराणसी के जिलाधिकारी और प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाये रखा और मुख्यमंत्री सचिवालय को भी घटना की गम्भीरता से अवगत कराया. हेमन्त तिवारी ने बताया कि प्रशासन को घटना के दोषियों पर कारवाई करने के लिए आज तक का समय दिया गया है. साथ ही टीवी चैनलों को हुयी क्षति का मुआवजा देने को भी कहा है.

varansi me police case patrakar hamla

 

Back to top button