Live INDvsAUS : ऑस्ट्रेलिया को लगा पहला झटका, वॉर्नर 42 रन बनाकर आउट

इंदौर : ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने रविवार को होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में भारत के खिलाफ पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है. भारत ने पांच वनडे मैचों की इस सीरीज में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है. भारत की नजर जीत की हैट्रिक पर है
10 साल पहले आज ही श्रीसंत ने लपका था वर्ल्ड कप, आज जोगी बने स्टार, देखें वीडियो
जिसके साथ भारत के पास 3-0 से अजेय बढ़त होगी. इस मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश में दो बदलाव हुए हैं. हिल्टन कार्टराइट और मैथ्यू वेड के स्थान पर टीम में एरोन फिंच और पीटर हैंड्सकोंब को शामिल किया गया है. भारत की प्लेइंग इलेवन में इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है.
एरोन फिंच 25 रन और स्टीव स्मिथ 5 रन पर पर खेल रहे हैं. 15 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 76 रन है. स्मिथ ने आते ही पांड्या की गेंद पर चौका जड़ा. नए बल्लेबाज के तौर पर कप्तान स्टीव स्मिथ आए हैं. हार्दिक पांड्या ने डेविड वॉर्नर को क्लीन बोल्ड किया. भारत को पहली सफलता मिली. 44 गेंदों में 42 रन बनाकर डेविड वॉर्नर पवेलियन लौटे. गेंदबाजी आक्रमण के लिए अब हार्दिक पांड्या और युजवेंद्र चहल हैं. ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलाम बल्लेबाज सेट हो चुके हैं.
10 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 49/0
डेविड वॉर्नर 24 और एरोन फिंच 22 रन पर खेल रहे हैं. 10 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी विकेट के नुकसान के 49 रन है. फिंच और वॉर्नर के बीच पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी पूरी. भुवनेश्वर की गेंद पर वॉर्नर ने लगातार दो 2 चौके जड़े. 7 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के 26 रन है. ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में पहले से अच्छी शुरुआत की है. 1 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी विकेट के नुकसान के 3 रन है. भारत की तरफ से पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार डाल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डेविड वॉर्नर और एरोन फिंच ओपनिंग करने आए हैं. दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान में उतर चुके हैं.
‘दिलचस्प होगा इंदौर का मैच’
इंदौर के होल्कर स्टेडियम की क्रिकेट पिच तैयार करने वाले समंदर सिंह का मानना है कि आज (रविवार) भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला एक दिवसीय क्रिकेट मैच रोचक और दिलचस्प होने वाला है. पिच क्यूरेटर समंदर सिंह ने रविवार सुबह संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि मौसम साफ है. बारिश होने के आसार नहीं है और पिच भी सूखी है, जिससे मैच बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा. वहीं, आसमान साफ होने से दर्शकों को खेल का पूरा आनंद मिलने की संभावना है. समंदर सिंह ने आगे कहा कि दर्शकों ने लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर टिकट ली है और दर्शकों में इस मैच को लेकर काफी जोश है.
होल्कर स्टेडियम में अपराजित रहा है भारत
तीसरे मैच में रविवार को मेजबान टीम उस मैदान पर उतरेगी जहां वह अभी तक अपराजित रही है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा मैच यहां से होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा. यह वही मैदान है जहां वीरेंद्र सहवाग ने दोहरा शतक जड़ा था. इस मैदान पर अभी तक कुल चार वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें से चारों में भारत ने जीत हासिल की है. रविवार को इस मैदान पर वह अपना विजयी क्रम जारी रखते हुए सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी.
भारत का पलड़ा भारी
भारत ने लगातार आठ वनडे मैचों में जीत हासिल की है. इस मैच में भी हर लिहाज से मेजबान का पलड़ा भारी है. रैंकिंग में बादशाह बन चुकी भारतीय टीम को इस मुकाम तक पहुंचाने और इस सीरीज में 2-0 की बढ़त दिलाने में उसके बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण का खास योगदान है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार बनेगा ये रिकॉर्ड
भारतीय टीम अगर वनडे सीरीज का ये तीसरा मैच जीतने में कामयाब हो जाती है, तो वो सीरीज जीतने के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी वनडे सीरीज में पहली बार लगातार तीन मैच जीतने का कारनामा करेगी. अगर भारत जीतती है तो ऑस्ट्रेलिया पर उसकी लगातार चौथी जीत होगी, जो कि एक रिकॉर्ड होगा. वनडे क्रिकेट में भारत कंगारुओं के खिलाफ कभी लगातार चार मैच नहीं जीत सका है. वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का सबसे लंबा विनिंग स्ट्रीक तीन मैचों का है. भारत फिलहाल लगातार तीन मैच (2016 में सिडनी में और दो इस सीरीज में) जीत चुका है.
स्टेडियम में पहले 5 मैचों में जीत
भारतीय टीम अब तक किसी भी स्टेडियम में पहले पांचों मैच नहीं जीत सकी है. अगर टीम इंडिया रविवार को होलकर स्टेडियम में जीत दर्ज करती है, तो यह पहला मौका होगा, जब वो किसी स्टेडियम में अपने पहले पांच मैच जीतने में कामयाब होगी.
सीरीज का रिकॉर्ड बराबर करने का मौका
घरेलू मैदान पर भारत ने कंगारू टीम के खिलाफ सात वनडे सीरीज खेली हैं, जिसमें से केवल 3 में उसे जीत मिली है, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने चार सीरीज जीती हैं. इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे चल रही टीम इंडिया 3-0 की अपराजेय बढ़त ले सकती है. जिसके बाद भारतीय टीम का होम ग्राउंड्स पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज रिकॉर्ड बराबर हो जाएगा.
चल रहा है कुलदीप-युजवेंद्र का जादू
दोनों मैचों में मेजबान टीम के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को आसान लक्ष्य से वंचित रखा था. ऑस्ट्रेलिया को खासकर भारत के स्पिनरों को खेलने में विशेष परेशानी हो रही है. दो मैचों में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने मिलकर कुल 10 विकेट अपने नाम किए हैं. कुलदीप ने कोलकाता में खेले गए दूसरे मैच में हैट्रिक ली थी. वहीं भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने भी अपनी टीम के लिए उम्दा प्रदर्शन किया है.
मिडिल ऑर्डर का न चलना परेशानी का सबब
कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री के लिए बल्लेबाजी में मध्यक्रम का न चल पाना परेशानी का सबब है. पहले मैच में महेंद्र सिंह धोनी और हार्दिक पांड्या ने टीम को बचाया तो दूसरे मैच में कोहली और अजिंक्य रहाणे के सिवाए कोई और बल्लेबाज रन नहीं कर सका. ऐसे में रोहित शर्मा, केदार जाधव, मनीष पांडे के बल्लों का खामोश रहना टीम की परेशानी है.
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए भी एक तरह से बल्लेबाजों का न चल पाना सबसे बड़ी चिंता है. दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज आसान से लक्ष्य के सामने ढेर हो गए. पिछले मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ और मार्कस स्टोइनिस ने जरूर अर्धशतक जड़े थे, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी थे. टीम के लिए डेविड वार्नर का चलना बेहद जरुरी हो गया है.
टीमें : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मनीष पांडे, केदार जाधव, अजिंक्य रहाणे, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार.
ऑस्ट्रेलिया : स्टीव स्मिथ (कप्तान), एश्टन एगर, एरोन फिंच, नाथन कूल्टर नाइल, ग्लैन मैक्सवेल, पीटर हैंड्सकोंब (विकेटकीपर), पैट कमिंस, ट्रैविस हेड, मार्कस स्टोइनिस, केन रिचर्डसन.





