बिहार: DM ने पूछा, कहां से पढ़े हो, बोला- दिल्ली के ताजमहल के बगल के स्कूल में

  • पटना.फर्जी बोर्ड का सर्टिफिकेट लेकर अनुकंपा पर चौकीदार बनने आए तीन लोगों को कलेक्ट्रेट से शनिवार को गिरफ्तार किया गया। बाढ़ के संतोष कुमार, आलम बिगहा, बेलछी के मुन्ना कुमार और खुसरूपुर के जगजीवन पासवान ने फर्जी सर्टिफिकेट बनवा कर आवेदन किया था। डीएम संजय कुमार अग्रवाल के पास आए तीनों अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई, तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
     बिहार: DM ने पूछा, कहां से पढ़े हो, बोला- दिल्ली के ताजमहल के बगल के स्कूल में
    डीएम ने पूछा- किस स्कूल में पढ़े हो? तीनों ने बताया- सर, दिल्ली में जो ताजमहल है, उसके पास वाले स्कूल में। जबकि सर्टिफिकेट में स्कूल का पता अनीसाबाद, बाढ़ और आरा का है। डीएम ने गांधी मैदान पुलिस को बुलाकर तीनों काे गिरफ्तार कराया। डीएम ने बताया कि सर्टिफिकेट की जांच की गई तो पता चला कि उस नाम से कोई बोर्ड नहीं है। डीपीओ डॉ अशोक कुमार ने कहा- पांच-छह हजार रुपए में ये लोग सर्टिफिकेट बेच रहे थे। चार और लोग जांच के दायरे में हैं। उन पर भी कार्रवाई होगी।

    4 अभ्यर्थियों ने दिया फर्जी सर्टिफिकेट

    डीएम ने बताया कि अनुकंपा पर 10 चौकीदारों की बहाली प्रक्रिया चल रही है। इनमें चार अभ्यर्थियों ने फर्जी सर्टिफिकेट दिया। तीन लोगों ने फर्जी बोर्ड का सर्टिफिकेट दिया था। वहीं एक अभ्यर्थी ने मध्यमा का फर्जी सर्टिफिकेट दिया। सुधीर कुमार यादव मध्यमा से थर्ड डिविजन से पास था, जबकि सेकंड डिविजन का सर्टिफिकेट बनवा लिया। बोर्ड में इसकी जांच कराई गई तो थर्ड डिविजन पाया गया। संतोष, मुन्ना और जगजीवन पासवान ने फर्जीवाड़े को स्वीकार किया है। इसके सरगना को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है।

    इसे भी देखें:- अब बाबा फलाहारी ने भी वही कहा, जो राम रहीम ने कहा था – मै नपुंसक हूँ, मै रेप कर ही नहीं सकता!

    इन नाम से फर्जी बोर्ड

    पकड़े गए अभ्यर्थियों ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन, दिल्ली, उच्चतर माध्यमिक शिक्षा मंडल, दिल्ली, बोर्ड ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन, दिल्ली का सर्टिफिकेट बनवाया था। डीएम ने बताया कि बाढ़, खुसरूपुर आदि में फर्जी सर्टिफिकेट का रैकेट चल रहा है। इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि फर्जी प्रमाणपत्र बेचने वालों के बारे में जानकारी मिले तो इसकी सूचना जरूर दें।
Back to top button