मोबाइल चोरी शक ने ली युवक की जान, रिटायर्ड आर्मी मैन का बेटा था मृतक
September 23, 2017
3 minutes read
मोबाइल चोरी शक ने ली युवक की जान, रिटायर्ड आर्मी मैन का बेटा था मृतक
आरा.कैमूर जिले में राज्य स्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट खेल कर भभुआ-आरा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से आरा अपने घर लौट रहे दो खिलाड़ियों का स्मॉर्ट फोन चोरी हो गया। इससे गुस्साए रेलयात्रियों की भीड़ ने इंटरसिटी एक्सप्रेस के आरा जंक्शन पहुंचने के पहले स्मार्ट फोन चोरी के आरोप में एक अधेड़ को पकड़ लिया। इसके बाद आरा जंक्शन से लेकर रमना मैदान रोड तक उसे पीटते हुए ले आए। इस क्रम में लात-मुक्का, डंडा ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर उसे अधमरा कर दिया। बाद में उसकी सदर अस्पताल में मौत हो गई। युवक की पहचान 45 वर्षीय कन्हैया सिंह के रूप में हुई है। वह रिटायर्ड आर्मीमैन का बेटा था। घटना शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे की है। मृत कन्हैया सिंह (45 वर्ष) आरा मुफस्सिल थाना के बलुआ गांव निवासी रिटायर्ड आर्मीमैन जयरंजन सिंह का पुत्र था। इस घटना में जिन दो खिलाड़ियों के स्मार्ट-फोन चोरी गए हैं, शहर की नवादा थाना पुलिस उनको हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
छोटे भाई ने कहा- मेरे भैया चोर नहीं थे, मानसिक हालत ठीक नहीं थी
आरा मुफस्सिल थाना के बलुआ गांव से आए पशु चिकित्सक जयप्रकाश नारायण सिंह ने कहा कि कन्हैया सिंह उसके बड़े भाई थे। वे चोर नहीं थे। उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वे करीब दस साल से घर छोड़कर इधर-उधर रहा करते थे। शुक्रवार की सुबह छह बजे सदर अस्पताल से मेरे पंचायत के कुछ युवकों ने फोन कर इसके बारे में जानकारी दी। जिसके बाद सदर अस्पताल पहुंचा। यहां बड़े भाई का शव पड़ा था। इसे लेकर केस दर्ज कराया गया है। जिसमें मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाकर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा कि राज्यस्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट 18 सितंबर से 21 सितंबर के बीच कैमूर जिले के भभुआ शहर में आयोजित था। आरा से भी टूर्नामेंट के लिए 24 सदस्यीय टीम भभुआ गई हुई थी। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद टीम के खिलाड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से वापस लौट रहे थे। रास्ते में शुक्रवार की अहले सुबह साढ़े तीन बजे के करीब आरा जंक्शन के समीप दो खिलाड़ियों रीशु कुमार सिंह सन्नी कमल सिंह का दो स्मार्ट फोन चोरी हो गया। इसके बाद रमन कुमार नामक अन्य खिलाड़ी का भी बैग गायब हो गया। जिसके बाद ट्रेन में मौजूद खिलाड़ियों यात्रियों ने स्मॉर्ट चोरी करने के संदेह में कन्हैया सिंह को पकड़ लिया। इसके बाद कन्हैया के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। यात्री कन्हैया से चोरी गए फोन सेट के अलावे उसके साथियों के बारे में पूछताछ करने में खुद जुट गए। इसके बाद कन्हैया को एक निजी वाहन में बैठाकर रमना मैदान-रेडक्रॉस भवन के पास ले जाया गया। चोरी गए स्मॉर्ट फोन के बारे में नहीं बताने पर भीड़ ने पकड़ कर रखे गए कन्हैया को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस के क्रॉस मोबाइल जवान पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंच गयी।
पकड़े गए दो स्पोर्ट्समैन सेना के जवान किसान के बेटे, 10वीं 12वीं के छात्र, बोले- भीड़ ने मारा
ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल सेट चोरी होने को लेकर हैंडबॉल खिलाड़ी रीशू कुमार सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है। दूसरी तरफ, पुलिस कन्हैया की मौत के सिलसिले में रीशू के अलावा उसके साथी खिलाड़ी सन्नी कमल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रीशू कुमार सिंह मूल रूप से आयर थाना के बलिगांव गांव के आर्मीमैन नरेन्द्र सिंह का पुत्र है। वह 10वीं कक्षा में पढ़ता है। वर्तमान में परिवार आरा शहर में कतीरा मोड़ पर बजाज शो-रूम के पास किराए के मकान में रहता है। दूसरा खिलाड़ी सन्नी कमल सिंह रोहतास जिले के कच्छवां गांव के किसान कृष्णा सिंह का पुत्र है। वह 12वीं कक्षा का छात्र है। उसका परिवार मौलाबाग, आरा में रहता है। नवादा थाना में पूछताछ के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने पुलिस को बताया कि रमना मैदान में टहलने आई भीड़ ने कन्हैया को पीटा था। जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस 5-6 अन्य खिलाड़ियों का पता लगा रही है।
चोरी हत्या को लेकर दो केस दर्ज
आरा|नवादाथाना इंस्पेक्टर नेयाज अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल चोरी हत्या को लेकर दो अलग-अलग केस दर्ज किया जाएगा। मोबाइल चोरी करने को लेकर रिशु कुमार ने शिकायत दर्ज कराया है। जबकि, पिटाई से कन्हैया की मौत के मामले उसके भाई जय प्रकाश ने हत्या का केस दर्ज कराया है। हिरासत में लिए गए दोनों लड़कों से पूछताछ की जा रही है।
जिस मोबाइल के लिए जान ली गई, वह भी नहीं मिला
ट्रेनमें चोरी गए जिस स्मॉर्ट फोन के लिए भीड़ ने कन्हैया को पीट-पीटकर मार डाला, अंतत: वह भी नहीं मिला। पुलिस के अनुसार चोरी गया स्मॉर्ट फोन मृतक के पास से बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, खिलाड़ियों रीशू और कमल के अनुसार पकड़ा गया संदिग्ध चोरी गए मोबाइल को दिलाने के लिए कभी उन्हें रमना मैदान तो कभी शहर के बिचली रोड में लेकर चलने की बात कह रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।