पुलिस नाके से 15 कदम की दूरी पर नाबालिग ने शीशा तोड़ सवा लाख कैश वाला उड़ाया बैग

  • बठिंडा. जिंदल ऑटो स्पेयर पार्ट्स के सामने एक काले रंग की स्विफ्ट कार आकर रुकती है। इसमें से फोकल प्वाइंट में स्थित नमकीन फैक्ट्री के मालिक कारोबारी सुशील कुमार निवासी पंचवटी नगर उतरते हैं। वह भट्टी रोड पर एक गैराज में ठीक हो रही अपनी पिकअप गाड़ी की मरम्मत के लिए सामान लेने के लिए उतरकर जिंदल ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में चले जाते है। इतने में करीब 11 बजे मैले कपड़े करीब 12 वर्षीय किशोर आता है।पुलिस नाके से 15 कदम की दूरी पर नाबालिग ने शीशा तोड़ सवा लाख कैश वाला उड़ाया बैग
    वह आसपास देखने के बाद स्विफ्ट कार के साथ खड़ी एक सफेद रंग की पिकअप की आड़ लेकर सात मिनट में कार के कंडक्टर शीशे को गुलेल से तोड़ने का प्रयास करता है। चौथे प्रयास में शीशा तोड़ने के बाद किशोर आराम से कार की कंडक्टर सीट पर रखा बैग लेकर गायब हो जाता है। फौजी चौक मार्केट में स्थित मिठाई की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भले ही दिन-दिहाड़े हुई चोरी की घटना कैद हो चुकी है। लेकिन शुक्रवार देर शाम पुलिस आरोपी की पहचान भी नहीं कर पाई है।

    4 साल से गिरोह सक्रिय

    अगस्त2013 में नाबालिग बच्चों का गिरोह सक्रिय हुआ। कस्बा फूल में लूट और दो बड़ी चोरियों की वारदात को अंजाम दिया। जुलाई 2013 में शहर के होटल स्टेला से दो बच्चों ने शादी समारोह में से लाखों के गहने और नगदी चोरी कर लिए थे। इसके 7 दिन बाद ही अस्पताल बाजार से 23 लाख रुपए चुरा ले गए। दोनों मामलों में पुलिस को सफलता नहीं मिली है।

    नहीं हो रही पुख्ता कार्रवाई

    पुलिस किसी भी अनसुलझे केस की फाइल बंद करने से पहले उसके महत्त्व को देखती है, अगर संगीन अपराध हो, तो पुलिस छह सात महीने छानबीन करने के बाद सुराग हाथ नहीं लगने पर उसकी अनट्रेस फाइल बनाकर उस केस को बंद कर देती है। लेकिन संगीन मामलों में साल या दो साल तक पुलिस छानबीन करती है। पुलिस द्वारा जिन केसों की फाइल बंद की जाती है, उन्हें संबंधित जिला मजिस्ट्रेट को सौंप दिया जाता है।
    फौजी चौक में शुक्रवार सुबह को हुई इस वारदात ने पुलिस प्रबंधों की पाेल खोलकर रख दी है। शातिर छोटे चोर ने जिस जगह पर कार का शीशा तोड़कर सवा लाख की नगदी से भरा बैग उड़ाया। उस जगह से महज 15 कदम दूर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा नाका है। इन तमाम प्रबंधों के बावजूद किसी को भी 7 मिनट में हुई इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित सुशील कुमार ने बताया कि बैग में उनकी खाता बुक, चेक बुक, करीब सवा लाख रुपए और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। जिंदल स्पेयर पार्ट्स की दुकान से करीब 11.20 मिनट पर जैसे ही वह बाहर कार की तरफ आए तो उन्होंने कार का कंडक्टर शीशा टूटा हुआ पाया।

    आरोपी का नहीं मिला सुराग

    वारदात की सीसीटीवी फुटेज से जाहिर है कि आरोपी चोर युवक स्लम एरिया से संबंधित है। हो सकता है कि वह आसपास के चौकों में कार आदि के शीशे साफ करके लोगों से रुपये लेता हो। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, धोबियाना बस्ती सहित कई स्लम इलाकों में जाकर तफ्तीश की है। लेकिन अभी तक आरोपी युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। कुलदीपभुल्लर, एसएचओ थाना सिविल लाइन।
Back to top button