नवांशहर.राहों रोड स्थित आरके आर्य कॉलेज में छात्रों ने शुक्रवार को पुलिस की अनुचित कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जाम लगाया। मामला बिगड़ता देख जब स्कूल स्टॉफ ने छात्रों को जाम खोलने को कहा तो इस पर एक छात्र नेता ने स्टाफ सदस्य को पलट कर जवाब दिया कि सर ‘तुसीं (प्रोफेसर) वी तां आपणियां मंगां नूं लै के धरने ते बैहने आं, असीं वी अापणियां मंगा लई ही बैठे आं।’ छात्रों ने कहा कि पहले तो पुलिस ने कॉलेज के पास ही नाका लगाया हुआ है। दूसरा यदि किसी को छात्र को रोकना है अथवा चेंकिंग करनी है तो पुलिस कॉलेज से बाहर ही करे परिसर में आए।

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पुलिस ने राहों रोड पर विकास नगर को मुड़ने वाली गली के पास नाका लगाया था। शुक्रवार को पुलिस ने कॉलेज गेट के सामने यूनियन बैंक के पास नाका लगा दिया। नाके के दौरान एक छात्र को पकड़ने के लिए पुलिस कर्मचारी कॉलेज परिसर में चले गए। इसी बात से छात्र गुस्सा गए। कुछ ही मिनट में कॉलेज के सारे स्टूडेंट्स को लेकर गेट के बाहर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान छात्रों ने राहों रोड पर जाम लगा ट्रैफिक रोक दिया। इसके बाद कॉलेज स्टॉफ बाहर आए तथा छात्रों को शांत किया। छात्रों का कहना था कि पुलिस की ओर से बिना हेलमेट वाले छात्रों के चालान काटे जा रहे हैं, जबकि शहर में कोई भी हेलमेट नहीं पहन रहा है। पुलिस केवल छात्रों को निशाना बना रही है।
शुक्रवार को राहों रोड पर नाके के दौरान पुलिस एक बाइक सवार छात्र का पीछा करते हुए कॉलेज के अंदर घुस आई और परिसर में छात्रों से पूछताछ करने लगी। इस पर छात्र नाराज हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहों रोड पर गए इससे जाम लग गया। जाम लगाए छात्रों को कॉलेज स्टाफ ने रोकने की कोशिश की और उनसे जाम खोलने की अपील की। किसी तरह छात्र कॉलेज परिसर में तो चले आए, लेकिन उन्होंने अपना प्रदर्शन बंद नहीं किया और कैंटीन के पास एकत्र हो गए। हालांकि बाद में छात्रों ने अध्यापकों की बात को मानते हुए सभा वहीं पर खत्म कर दी, लेकिन प्रोफेसरों विद्यार्थियों में हुई बहस खासी चर्चा का विषय बनी रही।