करेड़ा (भीलवाड़ा). स्कूल के मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग पर ग्रामीणों एवं छात्रों ने स्कूल पर ताला लगा दिया। पांच शिक्षक चार घंटे तक ताले में ही रहेग। मामला उपखंड के दहीमथा पंचायत के जालमपुरा गांव का है। इस बारे में वार्ड पंच प्रभुलाल गुर्जर ने बताया कि सरकारी स्कूल के मैदान पर प्रभावशाली लोगों ने कब्जा कर लिया। इसे हटाने के लिए ग्रामीणों एवं छात्रों ने कई बार प्रशासन को बताया लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
– शुक्रवार को सुबह 9 बजे शिक्षक लूणाराम चौधरी, विष्णु शर्मा, गलकू गुर्जर, शिवराज छापरवाल व ललित कुमार स्कूल में बंद रह गए। सूचना पर सीनियर स्कूल दहीमथा के प्रिंसिपल हीरालाल बलाई, मनोज गुप्ता तथा उपसरपंच नरपतसिंह चुंडावत मौके पर पहुंचे।
– इन्होंने शनिवार सुबह 10 बजे मैदान का सीमाज्ञान करा कर सात दिन में अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने सात दिन में अतिक्रमण नहीं हटाने पर आंदोलन की चेतावनी देते हुए ताला खोला। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अफसरों का कहना है कि जल्द कार्रवाई होगी|