नक्सलियों ने किया बम विस्फोट हुई मुठभेड़, एक नक्सली घायल
गड़चिरोली. एटापल्ली तहसील के जर्मनटोला जंगल क्षेत्र में सोमवार सुबह नक्सल विरोधी अभियान चला रहे जवानों को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने बम विस्फोट किया। इसके बाद दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक नक्सली घायल हो गया। जर्मनटोला गांव एटापल्ली के गट्टा (जां) पुलिस सहायता केंद्र के तहत आता है। इस घटना में पुलिस टीम में से किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं मुठभेड़ में घायल नक्सली को उसके साथी नक्सली लेकर जंगल की ओर फरार हो गए। एटापल्ली के उपविभागीय पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी मुहिम तेज कर दी गई है।

बता दें कि जिले में पिछले कुछ माह से नक्सली गतिविधियों को रोकने के लिए जिला पुलिस को भारी सफलता मिली है। 15 सिंतबर को धानोरा तहसील के भेंडीकन्हार जंगल क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक महिला नक्सली ढेर हो गई थी। उसकी शिनाख्त का काम अब भी जारी है। इसके अलावा जुलाई माह में भी जिला पुलिस के जवानों ने तीन महिला नक्सलियों को मार गिराया था। पुलिस जवानों द्वारा निरंतर चलाए जा रहे अभियान के कारण जिले में नक्सली गतिविधियां काफी कम हो गई हैं।
इसे भी देखें:- अभी अभी: दीपावली पर मोदी सरकार देगी सबसे बड़ा तोहफा, आधी होंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें!
पुलिस ने नष्ट किया विस्फोटक
एटपल्ली तहसील के ही हेड़री गांव से एक किमी दूर नक्सलियों ने पुलिस जवानों को हानि पहुंचाने के लिए विस्फोटक लगाया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा रखा गया विस्फोटक जब्त कर उसे नष्ट कर दिया है।





