कार से पचमढ़ी घूमने जा रही थी फैमिली, टैंकर ने मारी टक्कर में पिता-पुत्री की मौत
औबेदुल्लागंज.नेशनल हाईवे-69 हाेशंगाबाद रोड पर आंकलपुर के पास शनिवार सुबह भोपाल से पचमढ़ी जा रही एक आॅल्टो कार को तेज रफ्तार गैस टैंकर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में भोपाल के एक परिवार की 4 साल की बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई। कार में सवार एक साल के मासूम समेत 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को भोपाल के नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में बच्चों समेत कुल 9 लोग सवार थे।

रत्नागिरी निवासी 35 वर्षीय लखन मीणा दौलतराम कंपनी में सुपरवाइजर थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अपनी कार से परिवार के साथ पचमढ़ी के लिए निकले थे। उनके साथ 4 वर्षीय बेटी दिव्यांशी, पत्नी रजनी, बेटा सामर्थ (7) ससुर मोजीलाल देसवाले (63), सास रामश्री (56), साला योगेंद्र (36), साले की पत्नी पूनम (30) और एक साल का बेटा आदर्श थे।
उनकी कार औबेदुल्लागंज-बरखेड़ा के बीच ग्राम आंकलपुर ग्राम के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे गैस टैंकर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कार उछलकर काफी दूर गिरी। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से घायलों को बाहर निकाला लेकिन तब तक लखन और उनकी बेटी दिव्यांशी की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना के दौरान लखन ही कार चला रहा था, जबिक दिव्यांशी आगे की सीट पर बैठी हुई थी। इसलिए दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। आर्दश और योगेंद्र की हालत गंभीर है। अन्य घायलों को भी आईसीयू में रख गया है।





