राहुल अगले माह बन सकते हैं कांग्रेस अध्यक्ष, मोइली ने दिए संकेत
हैदराबाद. राहुल गांधी अगले माह कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभाल सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता एम. वीरप्पा मोइली ने शुक्रवार को इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कांग्रेस की आंतरिक चुनावी प्रक्रिया के जरिए पार्टी अध्यक्ष बनना पसंद करेंगे। बता दें कि हाल ही में अमेरिका में राहुल ने खुद कहा था कि पार्टी कहे तो वे यह जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

मोइली ने आगे कहा कि राहुल का कांग्रेस की जिम्मेदारी संभालना पार्टी के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। उन्होंने कहा, ‘उन्हें (राहुल को) कांग्रेस अध्यक्ष का पद तुरंत संभालना चाहिए। यह पार्टी के लिए अच्छा होगा और देश के लिए भी। पार्टी में हर कोई महसूस करता है कि इसमें देरी हो गई है। अब वे संगठनात्मक चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। वे एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) का अध्यक्ष चुनावी प्रक्रिया से ही बनना चाहते हैं।’
इसे भी देखें:- रोहिंग्या मुसलमानों की हालत पर भावुक हुई ममता, कहा- मदद करे संयुक्त राष्ट्र
बड़े बदलाव की जरूरत
मोइली से पूछा गया कि अध्यक्ष पद संभालने के बाद राहुल को क्या करना होगा? इस पर मोइली ने कहा कि उन्हें सबसे पहले तय वक्त में राज्यों के प्रभारियों को बदलना होगा। राज्यों के संगठनों में निचले स्तर से सुधार करना होगा।
राज्याें में संगठनात्मक चुनाव इसी माह होंगे पूरे
मोइली ने कहा कि राज्यों में पार्टी के आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया इस महीने पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद एआईसीसी स्तर पर चुनाव होंगे। मोइली से पूछा गया कि क्या राहुल अगले महीने तक यह जिम्मेदारी संभाल लेंगे? इस पर मोइली ने कहा, ‘यह संभव है’।





