मंडी गोबिंदगढ़. सुभाषनगर इलाके में विवाहिता सुखविंदर कौर ने अपने पति फतेह सिंह समेत छह लोगों पर उसकी 7 साल की बेटी एकमजीत कौर को किडनैप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि 23 अगस्त 2017 जब बच्ची के नाना सुखविंदर सिंह उसे स्कूल से ला रहे थे तो इसी दौरान आरोपियों ने उसे किडनैप कर लिया। 
सुखविंदर कौर ने कहा कि पति फतेह सिंह ने बच्ची एकमजीत कौर को उससे लेने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में एक केस दायर कर दिया था, लेकिन केस का फैसला आने से पहले ही फतेह सिंह ने केस वापिस ले लिया। पीड़िता के बयान पर मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस ने पति समेत 6 लोगों पर केस दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि जब उसे ससुराल में तंग परेशान किया जाने लगा तो उसने दो साल पहले ससुराल घर छोड़ कर दोनों बच्चों समेत अपने मायके मंडी गोबिंदगढ़ में रहना शुरू कर दिया था।
एसएसपी अलका मीना को दी शिकायत में पीड़िता सुखविंदर कौर निवासी मंडी गोबिंदगढ़ ने कहा कि उसके पति फतेह सिंह निवासी कोटला भड़ी थाना समराला की ये दूसरी शादी थी, पहली शादी उसकी सगी बहन दविंदर कौर के साथ साल 2010 में हुई। 2012 में शकी हालातों में उसकी बहन दविंदर कौर की मौत हो गई थी। मौत से कुछ महीने पहले दविंदर कौर की बेटी एकमजीत कौर ने जन्म लिया। इसके बाद बच्ची का सुखविंदर कौर ने मां के तौर पर मायके में पालन पोषण किया। बच्ची के भविष्य को देखते हुए मां-बाप और और रिश्तेदारों ने सुखविंदर कौर की शादी फतेह सिंह से कर दी। जहां सुखविंदर कौर के पास एक बेटे जसकरन ने जन्म लिया।
पिता को बच्ची अपने पास रखने का भी अधिकार:एसएसपी
बच्ची वापिस दिलाने की पूरी कोशिश की जा रही है। पुलिस की छापेमारी जारी है। किडनैप बच्ची फतेह सिंह की अपनी संतान है और पिता को उस बच्ची को अपने पास रखने का भी अधिकार है। लेकिन स्कूल से बिना बताए बच्ची को ले जाना ठीक नहीं। मामले की जांच जारी है पीड़िता को इंसाफ दिलाएंगे। -अलकामीना, एसएसपी