जालंधर.रेयान स्कूल में बच्चे की मौत के बाद ब्रिटिश ओलिविया ने स्कूल में अल्ट्रा हाई फ्रीक्वेंसी सिस्टम यानी चिप वाले आईडी कार्ड स्टूडेंट्स को जारी किए हैं। शुक्रवार से जब ब्रिटिश ओलिविया स्कूल का स्टूडेंट कैंपस में एंटर करेगा या छुट्टी के वक्त बाहर जाएगा। उसकी हाजिरी दर्ज हो जाएगी और पेरेंट्स को भी इन और आउट टाइम का एसएमएस जाएगा।
अगले चरण में ट्रैक होगी स्टूडेंट्स की लोकेशन
चेयरमैन संजीव मैनी बताते हैं कि अगले चरण में सिस्टम को कैंपस के वाई फाई सिस्टम से कनेक्ट किया जाएगा। चिप से स्टूडेंट्स को पूरे कैंपस में ट्रैक किया जा सकेगा। यानी कि यदि पांचवीं क्लास का कोई स्टूडेंट है और हमें देखना है कि वह कैंपस में कहां है तो उसका रोल नंबर, कार्ड नंबर या नाम कनेक्टेड कंप्यूटर में फीड करेंगे तो पता चला जाएगा कि स्टूडेंट कैंटीन में, बाथरूम एरिया में है या क्लास रूम में।
मैनी कहते हैं हालांकि स्कूल में पहले से 125 सीसीटीवी लगे हैं लेकिन लगा कि स्टूडेंट्स की सुरक्षा के और कुछ भी करना चाहिए। वे आईडी कार्ड्स की कॉस्ट मिड सेशन के कारण पेरेंट्स से नहीं ले रहे। जब स्टूडेंट्स को कैंपस में भी ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ेंगे तो कॉस्ट बहुत बढ़ेगी। अगले सेशन में उन्हें यकीन है कि पेरेंट्स का सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी 1200 स्टूडेंट्स को आईडी कार्ड दे दिए गए हैं। पेरेंट्स को भी चिप वाला विजीटर कार्ड जारी किया जाएगा।
संस्कृति केएमवी की प्रिंसिपल रचना मोंगा का कहना है कि वे अगले सेशन से चिप आईडी कार्ड स्टूडेंट्स को देंगे। संजीव मैनी ने कहा- आई कार्ड पहने बच्चे फ्रीक्वेंसी सिस्टम के सामने से निकलेंगे तो ट्रैक में आ जाएंगे। शुक्रवार से पेरेंट्स को दोनों टाइम बच्चे के नाम, रोल नंबर के साथ मैसेज से इंफॉर्मेशन जाएगी।