SC: बच्चों की सुरक्षा किसी एक स्कूल का नहीं, पूरे देश का मामला है
गुड़गांव/नई दिल्ली. रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 7 साल के बच्चे प्रद्युम्न की हत्या के मामले में पिता की तरफ से सीबीआई जांच की मांग को लेकर दायर याचिका पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने केंद्र, हरियाणा सरकार और सीबीएसई को नोटिस भेजकर तीन हफ्ते में जवाब मांगा है।

कोर्ट ने कहा, ‘यह एक स्कूल का मामला नहीं, बल्कि देश से जुड़ा मामला है।’
– प्रद्युम्न के पिता वरुण ठाकुर के वकील के मुताबिक, ‘हमने कहा है कि स्कूल की कमियों पर जिम्मेदारी तय हो। आयोग या ट्रिब्यूनल बनाया जाए।’ कोर्ट ने रेयान इंटरनेशनल स्कूल को भी नोटिस जारी किया है।
– इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अगुआई वाली बेंच ने की।
– बेंच ने सीबीएसई से बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जवाबदारी तय करने की गाइडलाइंस पर तीन हफ्ते के अंदर जवाब देने को कहा है।
पिता बोले- कोर्ट के एक्शन से हम खुश हैं
प्रद्युम्न के पिता वरुण ने कहा, ‘मुझे कोर्ट पर विश्वास है, इसलिए हम यहां आए थे। जिस तरह से कोर्ट ने एक्शन लिया है, हम खुश हैं।’ हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने मुझे फोन किया था। हरियाणा सरकार की तरफ से भी हमें सहयोग मिल रहा है।’
स्कूल और बसों में ज्यादा महिला कर्मी तैनात हों
मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सोमवार को सुझाव दिया कि स्कूलों और स्कूल बसों में पर्याप्त महिला कर्मियों की व्यवस्था की जानी चाहिए। महिला ड्राइवरों को भी लगाए जाने की पहल की जानी चाहिए। स्कूलों और अभिभावकों को छात्रों की सुरक्षा के मुद्दे पर समाधान के लिए साथ काम करना चाहिए।
रेयान स्कूल ग्रुप के दो अधिकारी गिरफ्तार
सोमवार सुबह रेयान ग्रुप के नॉर्थ जोन हेड फ्रांसिस थॉमस और भोंडसी स्थित स्कूल कोऑर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया गया। सोहना रोड स्थित सदर पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी को सस्पेंड किया है। उधर, रेयान ग्रुप के सीईओ रेयान पिंटो ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत मांगी है। इस पर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। दोनों गिरफ्तार अधिकारी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। बाद में इन्हें 2 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया। रेयान इंटरनेशनल स्कूल की देश-विदेश में करीब 130 ब्रांच हैं।
स्कूल की प्रिंसिपल से पूछताछ, तबीयत बिगड़ी
सोमवार को पुलिस पूछताछ के दौरान रेयान स्कूल की कार्यवाहक प्रिंसिपल ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। गुड़गांव साउथ के डीसीपी ने बताया कि प्रिंसिपल से रविवार से पूछताछ की जा रही थी। मामले में जांच जारी है।
इसे भी देखें:- अभी अभी: मारुति सुजुकी की इस गाड़ी पर मिल रहा भारी डिस्काउंट, शोरूमों पर टूट पड़े लोग! जल्दी कीजिये
भोपाल : स्कूल बसों के ड्राइवर, कंडक्टरों की जांच के आदेश
गुरुग्राम की घटना के बाद भोपाल में स्कूल और कॉलेज बसों की जांच शुरू हो गई है। डीआईजी संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शिक्षण संस्थानों में लगी सभी बसों के चालक, परिचालक और सहायक स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निदेश दिए गए हैं। सोमवार को करीब 250 बसों के दस्तावेजों की जांच की गई।





