जयपुर.शहर के रामगंज इलाके में बवाल के बाद रविवार को तीसरे दिन भी चार थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी रहा। अब इसकी अवधि 24 घंटे बढ़ाकर मंगलवार सुबह तक कर दी गई है। राहत की बात यह है कि 23 थाना इलाकों में से अब 9 में मोबाइल इंटरनेट सुविधा बहाल कर दी जाएगी, जबकि 14 थाना इलाकों में सोमवार रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। कर्फ्यू प्रभावित इलाकों में स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे।
कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिन स्कूलों में परीक्षाएं हैं, वे खुलेंगे और छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने की छूट रहेगी। डीसीपी नॉर्थ सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि अब जयपुर कमिश्नरेट के वेस्ट व साउथ जिले के सभी थाना इलाकों, नॉर्थ जिले के विद्याधरनगर, आमेर व ईस्ट जिले के 9 थाना इलाकों में इंटरनेट शुरू हो जाएगा।
यहां रहेगा इंटरनेट बंद…
– नॉर्थ जिले में कोतवाली, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, गलतागेट, रामगंज, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, जालूपुरा, संजय सर्किल, माणक चौक व नाहरगढ़ इलाके में।
– ईस्ट जिले में लालकोठी, ट्रांसपोर्ट नगर, आदर्शनगर व मोतीडूंगरी इलाके में।
रात 12 बजे तक वार्ता, पर फेल…
– मृतक आदिल के परिजनों ने पुलिस कमिश्नरेट तक रैली निकालने की योजना बनाई, लेकिन अनुमति नहीं मिली। रामगंज थाने में समझौता वार्ता हुई। सहमति नहीं बनी। रात 12 बजे मंत्री यूनुस खान के साथ फिर समझौता वार्ता हुई लेकिन मांगों पर अड़े रहने से कोई हल नहीं निकला। मुस्लिम फोरम ने सोमवार को धरने की चेतावनी दी है।
– पुलिस-प्रशासन ने कहा- सीसीटीवी में उपद्रव करते हुए जिनके फुटेज हैं, उन पर कार्यवाही होगी। पुलिस की गोली से मरने पर अब तक जो भी मुआवजा देते आ रहे हैं, वही मिलेगा। निलंबन पर कोई निर्णय नहीं हो पाया।
कांग्रेस नहीं होने दे रही सुलह : परनामी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि समझौता वार्ता में मुस्लिम समाज से काेई निर्णायक व्यक्ति नहीं था। उनकी मांग जायज नहीं है। पुलिस की गोली से मरने पर अब तक दिए मुआवजों के अनुसार सरकार मुआवजा देने को राजी है। कांग्रेस नेता गुमराह कर रहे हैं और निर्णय नहीं होने दे रहे। राजनीति से बाहर निकलेंगे तो विवाद निपट जाएगा।