सागर/ खुरई.खुरई में खेतों से फसल काटकर लौट रही मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली रविवार को शाम करीब 6.30 बजे पलट गई। इसमें तीन किशोरी-महिला मजदूरों समेत चार की मौत हो गई। 24 अन्य घायल हो गए। इनमें से 16 की हालत नाजुक बताई जा रही है। इन सभी को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
घायलों के अनुसार एक्सीडेंट से ठीक पहले ट्रैक्टर का ड्राइवर कल्याण सिंहदांगी कानों में मोबाइल का इयर फोन लगाने की कोशिश कर रहा था, तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली के साथ ही पलट गया। इधर घटना की जानकारी मिलने पर घायलों का हाल जानने के लिए देर रात गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष से दिलाने की घोषणा की।
घायल और मृतक मजदूर वर्ग से हैं
पुलिस के अनुसार मृतकाओं समेत सभी घायल मजदूर वर्ग से हैं। ये लोग पिठोरिया गांव के रहने वाले हैं और परासरी में एक खेत पर मजदूरी करने आए थे।घायलों में लीला पिता थोवन आदिवासी 15 वर्ष, मीरा पिता रूपसिंह आदिवासी 15 वर्ष, पूजा पिता खिलान आदिवासी 16 वर्ष, सूरज पति संतोष आदिवासी 25 वर्ष, नन्नू पिता लटोनी आदिवासी 19 वर्ष, रीता पति मनोज आदिवासी 30 वर्ष, पूना पति पर्वत आदिवासी 26 वर्ष, लीला पति उपेन्द्र आदिवासी 28 वर्ष, लाड़बाई पति खल्लू आदिवासी 40 वर्ष, बबीता पति कल्याण आदिवासी 25 वर्ष, लाजे आदिवासी, चंद्रवती पति खिलान आदिवासी 26 वर्ष, फूला पति अजुद्दी आदिवासी 30 वर्ष, मालती पिता पूरन आदिवासी 14 वर्ष, गीता पिता मोहन आदिवासी उम्र 15 वर्ष, आरती पिता पूरन आदिवासी 16 वर्ष, बेटी बाई पति थोवन आदिवासी 35 वर्ष, धीरज आदिवासी पिता कल्लू आदिवासी28 वर्ष, बसंती पति धीरज आदिवासी 26 वर्ष, रामसखी पति गोलू आदिवासी 32 वर्ष शामिल हैं।
राहगीरों ने ट्रॉली के नीचे से निकाला
बांदरी पुलिस के अुनसार हादसा सेमरा गांव के पास हुआ। जैसे ही आसपास के लोगों को एक्सीडेंट की जानकारी मिली। उन्होंने ट्रॉली को सीधा किया और उसके नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। इन सभी को पहले बांदरी के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हादसे में जिन महिलाओं की मौत हुई है उनके नाम प्रभा पिता मोहन आदिवासी 30 वर्ष, चंद्रवती पति खिलान आदिवासी 30 वर्ष, दीक्षा पिता गोलू आदिवासी 16 वर्ष हैं। इनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि चौथी महिला देववती पति हीरालाल आदिवासी 40 वर्ष की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।