इस शॉट के सामने धौनी का हैलीकॉप्टर भी हुआ फेल, अपने देखा की नहीँ…

नई दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर आपने यूं तो बहुत से खिलाड़ियों को अलग-अलग तरह के शॉट खेलते देखा होगा, लेकिन क्या आपने किसी बल्लेबाज़ को बैटिंग के दौरान बल्ले को तलवार की तरह लहारते हुए शॉट मारते देखा है। नहीं ना, पर एक बल्लेबाज़ है जो ऐसा कर रहा है। जैसे भारतीय खिलाड़ी रवींद्र जडेजा अर्धशतक लगाने के बाद अपने बल्ले को तलवार की तरह लहराकर जश्न मनाते हैं। ठीक उसी तरह ये बल्लेबाज़ गेंद खेलने से पहले अपने बल्ले को तलवार की तरह लहराता है।

शॉट को देखने से ऐसा लगता है कि पहले बल्लेबाज़ ने हेलीकॉप्टर शॉट खेलने का मन बनाया और फिर वो स्विच हिट खेलने के लिए तैयार हुआ लेकिन जैसे ही गेंद उसकी तरफ आई तो बल्लेबाज ने पैडल स्कूप लगाकर गेंद को फाइन लेग की तरफ खेला और बॉल को सीमा रेखा के पार भेजकर चार रन बटोर लिए। इस शॉट को लगाने से पहले बल्लेबाज़ ने हेलीकॉप्टर शॉट खेलने का मन बनाया लेकिन लगा दिया पैडल स्कूप इसी वजह से कई फैंस ने इस शॉट को हेलीस्कूप का नाम दिया है। आपको यकीन नहीं हो रहा होगा। तो पहले आप ये वीडियो देखिए।
https://youtu.be/4mJFM-S2ieU
(वीडियो साभार- यू ट्यूब)
सोशल मीडिया पर ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है और इस वीडियो में हैरातअंगेज शॉट को खेलने वाले बल्लेबाज़ का नाम ह्यूगो हैमंड बताया जा रहा है। ये मैच कब और कहां खेला गया इसका पता नहीं चल पाया है पर क्रिकेट फैंस इस अजीबोगरीब शॉट को देखकर खूब रोमांचित हो रहे हैं और यही वजह है कि इस वीडियो ने ट्विटर पर ट्रोल करना शुरु कर दिया है।
इन बल्लेबाजों ने भी लगाएं है अलग तरह के शॉट
इससे पहले भी कई खिलाड़ी अलग-अलग अंदाज़ में शॉट लगाकर सुर्खियों में आए हैं और वो उन खिलाड़ियों का ट्रेडमार्क शॉट भी बना है। तो चलिए जानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वो कौन-कौन से खिलाड़ी है वो बिल्कुल अलग तरह के शॉट खेलकर फेमस हुए हैं।
महेंद्र सिंह धौनी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी हैलीकॉप्टर शॉट के नाम से फेमस हुए धौनी सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। धौनी अंतिम ओवरों में बल्लेबाज़ी करने के लिए आते हैं और गेंदबाज़ की कोशिश रहती है कि वो स्लॉग ओवरों में ज़्यादा रन ना दें तो वो यार्कर गेंदों का ज्यादा उपयोग करते हैं, लेकिन धौनी अपने इस हैलिकॉप्टर शॉट से यार्कर गेंद पर भी सिक्स लगा देते हैं।
केविन पीटरसन
इंग्लैंड के इस पूर्व खिलाड़ी ने दुनिया को स्विच हिट नाम का एक शॉट दिया। हालांकि इससे पहले रिवर्स स्वीप खेला जाता था, लेकिन स्विच हिट और रिवर्स स्वीप को खेलने का अंदाज़ बिल्कुल अलग है। केविन पीटरसन ने अपने इस शॉट को गेंदबाज़ों की लाइन और लैंथ बिगाड़ने के लिए खूब उपयोग किया।

सचिन तेंदुलकर
पूर्व भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने भी दुनिया को एक ऐसा शॉट दिया जिसका इस्तेमाल तेज़ गेंदबाज़ के खिलाफ खूब किया जाता है। तेज़ गेंदबाज़ बाउंसर से बल्लेबाज़ों को डराते थे, तो सचिन ने उसका तोड़ ढूंढ निकाला और अपरकट नाम के शॉट को ईजाद कर दिया। सचिन का ये शॉट तब सबसे ज़्यादा चर्चा में आया जब उन्होंने 2003 वर्ल्ड कप में शोएब अख्तर की गेंद पर अपरकट लगाकर चार रन बनाए थे।

तिलकरत्ने दिलशान
श्रीलंका के ओपनिंग बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान एक नया शॉट लेकर आए जिसे दिलस्कूप के नाम से जाना गया। दिलशान क्योंकि ओपनिंग बल्लेबाज़ रहे तो उन्होंने भी इस शॉट का इस्तेमाल तेज़ गेंदबाज़ों की लाइन और लैंथ बिगाड़ने के लिए उपयोग किया। वो गेंद के उछाल के नीचे आ जाते थे और गेंदबाज़ द्वारा प्रदान की गई गति का उपयोग कर गेंद को विकेट के पीछे की तरफ हवा में उछाल देते थे।

कपिल देव
भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव ने भी क्रिकेट की दुनिया को एक शॉट दिखाया जिसे नटराज शॉट का नाम दिया गया। कपिल देव ने इस शॉट का इस्तेमाल कर दुनियाभर के गेंदबाज़ों की नाक में दम कर दिया था। ये शॉट एक तरह का हुक शॉट ही होता है लेकिन इसे सर के ऊपर से नहीं कंधे के पास से खेला जाता है और दूसरी और सबसे अहम बात की इस शॉट को खेलते समय बल्लेबाज़ का पैर हवा में होता है। इस शॉट को खेलते समय बल्लेबाज़ भगवान नटराज की मुद्रा की तरह दिखाई देता है। यही वजह है कि इसे नटराज शॉट कहा जाता है।






