बिना टिकट यात्रियों से रेलवे ने एक महीने में वसूला नौ करोड़ जुर्माना
मुंबई.मध्य रेलवे ने अगस्त महीने में बिना टिकट रेल सफर करने वाले मुसाफिरों से करीब नौ करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला है। इस दौरान अवैध प्रवास के कुल दो लाख आठ हजार मामले पकड़े हैं। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता सुनील उदासी ने बताया कि बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ मध्य रेलवे ने विशेष अभियान चलाया था जिसके तहत इतनी बड़ी संख्या में बिना टिकट लिए, अनियमित और बिना सामान बुक किए सफर करने वाले यात्रियों को पकड़ा जा सका।

पिछले साल अगस्त महीने में मध्य रेलवे ने नियमों के उल्लंघन के एक लाख 78 हजार मामले दर्ज किए थे इनमें इस साल 16.90 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उदासी ने बताया कि इस साल आठ करोड़ 99 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूले गए। जबकि पिछले साल सात करोड़ 12 लाख रुपए बतौर जुर्माना वसूले गए थे।
इसे भी देखें:- ऑस्ट्रेलिया में गणेश भगवान पर विवादास्पद विज्ञापन, भारत ने किया विरोध
वही पिछले साल अप्रैल से अगस्त महीने तक मध्य रेलवे ने बतौर जुर्माना 55 करोड़ 88 लाख रुपए वसूला था जो इस साल बढ़कर 72 करोड़ 14 लाख रुपए हो गया। जुर्माने की रकम में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा अगस्त महीने में 302 ऐसे मामले सामने आए जब यात्री किसी और की टिकट पर सफर करते पाए गए ऐसे यात्रियों ने कुल दो लाख 55 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया।





