पठानकोट/सुजानपुर.पठानकोट-जम्मूनेशनल हाईवे सुजानपुर पुल नं.4 के पास तेज रफ्तार ट्राले ने एक्टिवा सवार दो छात्राओं को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा के ऊपर से ट्राले का टायर निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक्टिवा के पीछे बैठी उसकी सहेली ट्राले के दो टायरों के बीच फंस गई। उसे लोगों ने मुश्किल से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
चालक ने ट्राले को भगाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक आरजू निवासी सरना के मोहल्ला पिपला की रहने वाली थी। उधर जख्मी पायल के सिर शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों छात्राएं सेंट मैरी स्कूल में ग्यारहवीं की छात्राएं हैं।
शुक्रवार दोपहर सरना से एक्टिवा पर आरजू पायल सुजानपुर में ट्यूशन पढ़ने जा रही थीं। नेशनल हाइवे पुल नं.4 के पास सुजानपुर की ओर मुड़ने के लिए आरजू ने एक्टिवा रोकी। इस दौरान मलिकपुर से माधोपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्राले ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में ट्राले का टायर आरजू के ऊपर से निकलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी के पीछे बैठी पायल ट्राले के नीचे जा गिरी और टायरों के बीच फंस गई।
लोगों ने उसे जख्मी हालत में बाहर निकाला और पुलिस के हवाले किया। उधर छात्रा आरजू की सड़क हादसे में हुई मौत की खबर उनके गांव सरना पहुंची तो परिवार वाले रोते-चिल्लाते घटना स्थल पर पहुंचे। परिवार वालों को रोते देख हर कोई सांत्वना देता नजर आया। उधर मामले की जांच कर रहे सुजानपुर थाने के एएसआई दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्राला कब्जे में लेकर परिवार वालों घायल छात्रा के बयान पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिविल अस्पताल से लाश का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे फोर लेन बनने के बाद से यहां पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। यहां पर प्रशासन की ओर से पहले स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे, जिससे इन चौराहों पर वाहनों की गति नियंत्रित हो जाती थी। लेकिन पिछले काफी समय से ये स्पीड ब्रेकर टूट चुके है। इस कारण यहां हाईवे पर सड़क को क्रॉस करने वालों को हाईवे पर दोनों ओर से आने वाले वाहनों का पता नहीं चलता। सुजानपुर के उनमेश कमल डोगरा, अशोक कुमार, मोहन लाल, योगराज, त्रिभुवन सिंह, पवन महाजन, विनोद महाजन आदि ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क के किनारे हुए अतिक्रमण को हटाया जाए।