मिशन 2019: यूपी BJP में होगा बड़ा फेरबदल, ये नए चेहरे संभालेंगे पार्टी की कमान!

भाजपा में कई नए चेहरे जल्द ही संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते दिखेंगे। प्रदेश के कुछ नेताओं कोदिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कुछ को पार्टी से संबद्ध दूसरे संगठनों का नेतृत्व सौंपकर उनका कद और पद बढ़ाया जा सकता है। 
मगर, यह अवसर भगवा टोली के रणनीतिकारों के लिए कठिन परीक्षा भी लेकर आया है। इनके लिए मजबूत और अपनी पहचान रखने वाले प्रभावी नेताओं का संगठन बनाना बहुत आसान नहीं दिख रहा।
लखनऊ मेट्रो ठप होने पर अखिलेश ने ली चुटकी, बोले-काम बोलता है!
दरअसल, प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन में लंबे समय से जिम्मेदारी संभालने वाले कई नेता केंद्र और प्रदेश सरकार में शामिल हो चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन को मिलाकर लगभग तीन दर्जन से ज्यादा छोटे- बड़े नेता और पदाधिकारी मंत्री बन गए हैं।
कुछ वरिष्ठ नेता जिनका संगठन को बाहर से मार्गदर्शन मिलता था वे भी दूसरी भूमिका में पहुंच गए हैं। ऐसे में भाजपा को आगे की चुनौतियों से निपटने के लिए नए लोगों को संगठन में लाकर उन्हें सक्रिय करना जरूरी हो गया है।
इसलिए यह काम है कठिन
यह काम जितना आसान दिख रहा है उतना है नहीं। वजह, पिछले लगभग 15 वर्षों में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने वाले ज्यादातर चेहरे सरकार में अथवा राष्ट्रपति, राज्यपाल जैसे अन्य संवैधानिक पदों पर बैठ चुके हैं। ऐसे में रणनीतिकारों को नए चेहरे लाकर न सिर्फ भरपाई करनी है बल्कि भविष्य में नेतृत्व संभालने के लिए भी तैयार करना है। स्वाभाविक रूप से इसके लिए महत्वपूर्ण चेहरों की तलाश जितना आसान दिख रही है, वास्तव में उतनी है नहीं।





