ई-टेंडरिंग से समाप्त होगा माफिया राज: केशव

भाजपा सरकार पूर्ण पारदर्शिता लाने की दिशा में कर रही काम

लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में एक सितम्बर से लागू की गई ई-टेंडरिंग व्यवस्था से अपराधियों तथा भू-माफिया को कार्य नहीं मिल सकेगा। विकास से जुड़े सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता तथा गुणवत्तापूर्ण होंगे। उन्होंने बताया कि ई-टेण्डरिंग से निर्माण एवं विकास तथा जॉब वर्क में प्रतिस्पर्धा होगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश का वार्षिक बजट 4.10 लाख करोड़ रुपये का है। इसमें से पी.डब्लू.डी. सिंचाई तथा आवास विकास सहित अनेक विभागों से लगभग 60 से 70 हजार करोड़ रुपये के टेण्डर किये जाते हैं। ई-टेण्डर आ जाने से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और प्रतिवर्ष सरकार को 5 से 7 प्रतिशत फायदा होगा। श्री मौर्य ने कहा कि ई-टेण्डर के लिये ठेकेदार और अधिकारियों के लिए डिजिटल हस्ताक्षर अनिवार्य कर दिया गया है। इसलिए अब पी.डब्लू.डी. में कार्य पूर्ण गुणवत्ता तथा पारदर्शिता के साथ होगा। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गड्ढ़ा मुक्ति अभियान का कार्य शीघ्र ही दोबारा शुरू किया जायेगा। हमारी प्राथमिकता है कि यूपी सडक़ों के मामले में नम्बर वन बने। यही कारण है कि हम नेशनल हाई-वे अथॉरिटी के साथ मिलकर सडक़ निर्माण कार्यों को गति दे रहे हंै।





