जयपुर/ बांसवाड़ा. बांसवाड़ा जिले के महात्मा गांधी अस्पताल में दो माह में 90 नवजात की मौतों के बाद सरकार ने कमेटी बनाई। इस कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर एक पीएमओ सहित 8 डॉक्टरों पर गाज गिरी है। इसकी जांच के लिए निदेशक आरसीएच की कमेटी बनाई गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीएमओ वी के जैन के अलावा प्रमुख गायनी विशेषज्ञ डॉ. पी सी यादव और ब्लॉक पीएमओ डॉ. जीतेंद्र बंजारा को निलंबित किया गया है।
– 5 चिकित्सकों आरसीएचओ डॉ. मनीषा चौधरी, प्रमुख विशेषज्ञ (गायनी) डॉ. दिव्या पाठक, डॉ. ओ.पी. उपाध्याय, डॉ. जयश्री जैन एवं कनिष्ठ विशेषज्ञ गायनी डॉ. शालिनी नानावाटी को एपीओ किया गया है।
– साथ ही 3 चिकित्सकों के विरुद्ध एवं 4 नर्सिंगकर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाही की गई है। यह कार्रवाई चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ के निर्देश पर की गई। विभाग की प्रमुख सचिव वीनू गुप्ता ने सोमवार को बांसवाड़ा जिला अस्पताल की स्थिति के बारे में प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा की।
इनके खिलाफ 17 सीसीए की कार्रवाई शुरू
– गुप्ता के आदेश के अनुसार 3 चिकित्सकों डॉ. पुष्पा कुमारी चरपोटा व डॉ. प्रीतेश जैन व डॉ. एम.के. जैन के विरुद्ध सीसीए नियम 17 में कार्रवाही प्रारंभ की गई है। साथ ही बांसवाड़ा में पदस्थापित चिकित्साकर्मी सुंदरी वैष्णव, इन्दिरा माइडा व सुकली गरासिया व सुन्नी एमटी को निलम्बित कर 17 सीसीए की कार्रवाही की गई है।
– कनिष्ठ विशेषज्ञ गायनी डॉ. दिप्ती चित्रा, एसएमओ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित श्रीवास्तव, जे.एस. गायनी डॉ. बनवारी लाल मीना, एसएस गायनी डॉ. सत्यनारायण चौबीसा, विशेषज्ञ सर्जरी डॉ. एम.पी. शर्मा एवं एसएमओ डॉ. ओपी. कुलदीप को कार्य व्यवस्था के तहत बांसवाड़ा जिला अस्पताल में पदस्थापित किया गया है।
– इनके अतिरिक्त चिकित्साकर्मी जया आहरी, कीर्ति पठान, दिप्ती सिंह एवं कमला डामोर जो कि कुशल प्रसव सहायक है का जिला अस्पताल के लेबर रूम में पदस्थापन किया गया है।